कम्पिल बदायूं मार्ग पर पुलिया धंसी, यातायात ठप

कंपिल, समृद्धि न्यूज़। बाढ़ के पानी और तेज धारा के दबाव में कम्पिल बदायूं मार्ग पर पुलिया धंस गई। त्योहार की सुबह तक यातायात पूरी तरह सुचारू था, लेकिन दोपहर में हालात बदल गए और सफर यात्रियों के लिए जोखिम बन गया। पुलिस ने आनन फानन में पहुंच वाहनों को सावधानीपूर्वक निकाला।

शनिवार दोपहर करीब 2 बजे कंपिल-बदायूं मार्ग पर राईपुर चिनहटपर के पास बनी पुलिया की मिट्टी अचानक धंसने से सड़क में तीन जगह गहरे गड्ढे बन गए, जिससे दोनों ओर यातायात ठप हो गया। बाढ़ का पानी पुलिया के ऊपर से तेज धारा के साथ बह रहा है, तेज बहाव के बीच मार्ग पार करना बेहद जोखिमभरा हो गया। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों ओर यातायात रोक दिया और एक-एक करके वाहनों को सावधानीपूर्वक पार कराने की व्यवस्था की। फिर भी भारी जलभराव के कारण कई ग्रामीण और यात्री पैदल ही पानी में उतरकर रास्ता पार करने को मजबूर हो गए। कई बाइक सवार तेज धार में गिर गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिलाएं बच्चों को गोद में उठाए, पुरुष और बुजुर्ग कपड़े व सामान हाथ में लेकर घुटनों तक पानी में चल रहे थे। कुछ बच्चों व बुजुर्गों को थाना प्रभारी ने तेज धार से निकाला।बहाव इतना तेज था कि ज़रा सी चूक से बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र की प्रमुख कड़ी है और इसके बंद होने से न केवल त्योहार के दिन लोगों को परेशानी हो रही है।बल्कि रोजाना यातायात बाधित होने की संभावना भी बढ़ गई है। पुलिया क्षतिग्रस्त होने से क्षेत्र के एक दर्जन से अधिक गांवों से संपर्क टूट जाएगा।

थाना प्रभारी विश्वनाथ आर्या ने बताया एक एक कर वाहनों को निकला जा रहा है। जल्द ही किसी प्रकार की वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी।