पति की पिटाई से आहत महिला ने फांसी लगाकर दी जान

कंपिल, समृद्धि न्यूज। पति की पिटाई से आहत महिला ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। स्वजनों ने दरवाजा तोडक़र महिला के शव को नीचे उतारा। पति मौके से फरार हो गया। मृतका के पिता ने हत्या का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पीएम हेतु भेज दिया।
क्षेत्र के गांव पुरौरी निवासी अतुल जाटव मंगलवार शाम शराब के नशे में घर आया। इसी बात पर उसका २३ वर्षीय पत्नी उर्मिला के साथ विवाद हो गया। युवक ने पत्नी को एक थप्पड़ मार दिया। अतुल के पिता रामलखन ने बीच बचाव कर दोनों को अलग कर दिया। पिटाई से आहत महिला ने देर शाम घर के कमरे में कुंडे के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। जानकारी होने पर मृतका के ससुर ने ग्रामीणों के सहयोग से कमरे का दरवाजा तोडक़र महिला को नीचे उतारा। तबतक महिला की मौत हो चुकी थी। शव देखते ही मृतका का पति मौके से फरार हो गया।घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी। ग्रामीणों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पड़ोसी गांव सिकंदरपुर खास निवासी मृतका के पिता लालाराम प्रजापति ने बेटी की हत्या कर शव लटकाने का आरोप लगाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव पीएम हेतु भेज दिया। मृतका के ससुर ने बताया कि बेटे ने छ: वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था। मृतका के एक चार बर्षीय पुत्र कृष्णा व छ: माह की पुत्री गुड्डी है। थाना प्रभारी जितेंद्र चौधरी ने बताया शव पीएम हेतु भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *