खनन माफियाओं के हौसले बुलंद, सिपाही पर चढ़ाया ट्रैक्टर, मौत

अवैध मिट्टी खनन होने की सूचना पर पहुंचा था ग्राम नगला चंदन
एसपी व एसपी बोले घटना दुखद, आरोपियों की जल्द होगी गिरफ्तारी
नवाबगंज, समृद्धि न्यूज। मिट्टी के अवैध खनन की सूचना पर पहुंचे सिपाही पर खनन माफियाओं ने ट्रैक्टर चढ़ा दिया। घायल को अस्पताल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गयी है। जल्द उन्हें गिरफ्तार किया जायेगा।जानकारी के अनुसार नवाबगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम नगला चंदन में बीती रात अवैध खनन होने की सूचना पर सिपाही रोहित कुमार, दरोगा संतोष कुमार एवं सिपाही चमन अन्य पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने ट्रैक्टर ट्राली को गांव के निकट ही रोक लिया। चालक से अन्य पुलिसकर्मी जानकारी कर रहे थे। इसी दौरान सिपाही रोहित कुमार ट्रैक्टर ट्राली के बीच में चढ़ गया। पुलिस को ट्रैक्टर पर चढ़ा देख चालक ने ट्रैक्टर बढ़ा दिया। जिससे रोहित कुमार ट्रैक्टर से कुचलकर गम्भीर रुप से घालय हो गया। गम्भीर हालत में उसे रात करीब 3.48 बजे डॉ0 राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां हालत गम्भीर होने पर उसे आवास विकास स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां सुबह करीब 6  बजे सिपाही रोहित की मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विकास कुमार व एएसपी डॉ0 संजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना पर अफसोस व्यक्त करते हुए कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गयी है। जल्द उनकी गिरफ्तारी की जायेगी। बताते चलें कि मृतक जनपद बिजनौर के चांदपुर दरबण का निवासी था। वह 2021 वैच का कांस्टेबिल था। भर्ती होने के बाद उसकी फतेहगढ़ में ही ट्रेनिंग पूरी हुई थी और वर्तमान में वह थाना नवाबगंज पर तैनात था। मृतक दो भाइयों में दूसरे नंबर का था। उसका बड़ा भाई सचिन कुमार इटावा जिला जेल पर बंदी रक्षक के पद पर तैनात है। सूचना मिलने पर बड़ा भाई मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्मार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से एक बाइक व ट्रैक्टर को कब्जे में लिया है।

जिलाधिकारी का आदेश हुआ बेअसर

नवाबगंज। बीते दिन जिलाधिकारी डॉ0 वी0के0 सिंह ने बैठक लेकर मिट्टी के अवैध खनन को रोकने के सख्त निर्देश दिये थे, लेकिन जिलाधिकारी के आदेश का अधीनस्थों पर कोई असर नहीं हुआ। जिसके चलते आज एक पुलिसकर्मी को अपनी जान की आहुति देनी पड़ी। बताते चलें कि शमशाबाद व नवाबगंज, कायमगंज में अवैध खनन बदस्तूर जारी है। यहां पर अवैध खनन करने वाले माफियाओं के हौसले बुलंद हैं। बीते दिन एसडीएम ने कायमगंज में एक मशीन सहित दो ट्रैक्टरों को रात के अंधेरे में छापा मारकर पकड़ा था, लेकिन इसके बाद भी अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि खनन माफियाओं को पुलिस का संरक्षण अवश्य है। इसलिए अवैध खनन नहीं रुक रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *