किशोर के साथ कुकर्म के मामले में एक हिरासत में

फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचाल घाट पर एक किशोर से मनचले युवक ने कई बार कुकर्म किया। नाजुक अंगों में इन्फेक्शन होने पर मां को घटना की जानकारी दी। परिजन पीडि़त को लेकर चौकी पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर रात में ही थाने भेज दिया। देर रात तक लोग समझौते का प्रयास करते रहे। हालांकि थाना इंस्पेक्टर घटना की जानकारी से ही इंकार कर रहे हैं। कादरीगेट थाने के पांचाल घाट क्षेत्र में एक किशोर अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहता है। वह एक पंडा के यहां घाट पर काम करता है। उसकी बीमार मां दिल्ली दवा लेने गई थी। उसी दौरान एक युवक ने उसके साथ कई बार कुकर्म की घटना को अंजाम दिया। किशोर के नाजुक अंगों में इन्फेक्शन होने से वह परेशान हो गया। इसके बाद उसने अपनी मां को घटना की जानकारी दी। मां और परिजन शुक्रवार देर रात तक चौकी में डेरा डाले रहे।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को रात में ही हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। आरोपी के परिजनों के बुलावे पर कई नेता चौकी पहुंचे। वह पीडि़त परिवार पर समझौता करने का दबाव बनाते रहे। हालांकि किशोर ने सभी को घटना की जानकारी दी। इधर थाना इंस्पेक्टर अवध नारायण पांडेय ने बताया कि उनके क्षेत्र में किसी भी कुकर्म की घटना की जानकारी नहीं है। यदि ऐसा है, तो वह दिखवाएंगे। जबकि आरोपी शुक्रवार रात से ही थाने में बैठाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *