फायरिंग में एक महिला की भी गई जान, तीन अन्य घायल
उन्नाव, समृद्धि न्यूज। एक युवक ने फायरिंग करने के बाद खुद को गोली मार कर आत्महत्या कर ली वहीं फायरिंग में एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गये। जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए स्थानीय स्वास्थ्य में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि गांव के बाहर फायरिंग करने वाले युवक ने खुद को भी गोली मार ली है। जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। एएसपी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। कानून व्यवस्था की कोई समस्या नहीं है। घटना फतेहपुर 84 थाना क्षेत्र की है। थाना क्षेत्र के गोड़ियन खेड़ा में हुई फायरिंग की घटना में फूल कुमारी (48) पत्नी पुत्तीलाल कश्यप, पुत्तीलाल (53) पुत्र रामाश्रय सहित दो अन्य ग्रामीण घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही फतेहपुर 84 थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। उन्होंने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहपुर चौरासी में भर्ती कराया। जहां पर डॉक्टरों ने फूल कुमारी को मृत घोषित कर दिया गया। अन्य का इलाज स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। गांव के ही रहने वाला अनुराग पाल पर ग्रामीणों ने फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
क्या कहते हैं एएसपी? इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि अनुराग पाल का शव गांव के बाहर पड़ा हुआ है। जिसके पास तमंचा भी पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी प्रेमचंद ने बताया कि फायरिंग करने के बाद अनुराग पाल ने गांव के बाहर खुद को भी गोली मार आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पूछताछ की जा रही है।