मृतक के परिजनों ने कार में तोड़ फोड़ करते हुए कार सवार के साथ मारपीट का किया प्रयास
तिलहर शाहजहांपुर (समृद्धि न्यूज)। मंगलवार सुबह लगभग 7 बजे तिलहर सब्जी मंडी के सामने लखनऊ बरेली हाईवे पर सीआरपीएफ जवान की कार की टक्कर से सब्जी लेकर जा रहे ठेली चालक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि कार सवार चार महिलाओं सहित 6 लोग घायल हो गए। मृतक के परिजनों ने कार में तोड़फोड़ करते हुए कार सवारों के साथ मारपीट करने का प्रयास किया। पुलिस ने पहुंच कर मामले को शांत किया इसके बाद मृतक के शव को पीएम के लिए भिजवाया।
बुलंदशहर के गोटनी गांव निवासी प्रदीप कुमार सीआरपीएफ में जवान है। जवान प्रदीप कुमार ने बताया कि वह अपनी पत्नी नेहा, बहन पूजा, बुलंदशहर के पंचावली की रहने वाली मामी पुष्पा एवं मंजू के साथ बरेली के मनौना धाम दर्शन करने जा रहे थे। हाईवे पर मंगलवार की सुबह नवीन मंडी से ठेली पर सब्जी लेकर आ रहे बहादुरगंज मोहल्ला निवासी 54 वर्षीय सुरेश कश्यप एवं दूसरी ठेली पर सब्जी लेकर आ रहे बहादुरगंज मोहल्ला निवासी इरशाद खान से उनकी कार टकरा गई।
हादसे में सुरेश कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई जबकि इरशाद और कार सवार सभी पांचो लोग घायल हो गए। सूचना पर मौके पर सुरेश के परिजन एवं मोहल्ले के तमाम लोग पहुंच गए। गुस्से में आकर सुरेश के परिजनों ने भीड़ के साथ प्रदीप की कार में तोड़फोड़ की और कार सवार घायलों को भी पीटने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीड़ को शांत किया और घायलों को सीएचसी भिजवाया जहां से सभी घायलों को डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।तहरीर मिलने के बाद आगे को कार्यवाही की जाएगी।
