छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में मारे गए 10 नक्सली, एक करोड़ का इनामी कमांडर भी ढेर

समृद्धि न्यूज। गरियाबंद में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। वहीं बीजापुर में 26 नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गुरुवार सुबह से सुरक्षाबलों और नक्सलियों में मुठभेड़ जारी है। मुठभेड़ मैनपुर थाना क्षेत्र के जंगलों में चल रही है, जिसमें 10 नक्सली अभी तक मारे गए हैं। वहीं सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी भी हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर को भी मार गिराया है। नक्सली कमांडर मनोज पर एक करोड़ रुपए का इनाम था।

गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में एनकाउंटर

रायपुर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा ने इस एनकाउंडर की पुष्टि की है, लेकिन ज्यादा विस्तार से जानकारी देने से इनकार किया है। उन्होंने बताया कि गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में सुरक्षाबलों की नक्सलियों के साथ मुठभेड़ हुई है। इसमें नक्सलियों के बड़े कमांडर के भी मारे गए हैं। मैनपुर क्षेत्र के जंगलों में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और जिला बल के संयुक्त दल को नक्सल रोधी अभियान के लिए भेजा गया था। उन्होंने बताया कि गुरुवार सुबह से क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच से रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है। उन्होंने बताया कि अभियान पूरा होने के बाद इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी।

एक करोड़ का इनामी मोडेम बालकृष्ण भी मारा गया

इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी भी हाथ लगी है। सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण उर्फ भास्कर को भी ढेर कर दिया। नक्सली मनोज उर्फ मोडेम बालकृष्ण सेंट्रल कमेटी का मेंबर था। यही नहीं उस पर एक करोड़ रुपए का इनाम भी था। गुरुवार को सुरक्षाबलों को मोडेम बालकृष्ण के जंगलों में नक्सलियों के साथ छिपे होने की सूचना मिली। जिसके बाद सुरक्षाबलों की टीम ने इसे घेर लिया और मुठभेड़ में ढेर कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *