जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर के लाल चौक पर ग्रेनेड ब्लास्ट, धमाके में 10 लोग घायल

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के लाल चौक पर ग्रेनेड ब्लास्ट हुआ है. इस धमाके में 10 लोगों के घायल होने की खबर है. धमाके के बाद लाल चौक के पास हड़कंप मच गया क्योंकि लाल चौक वाला इलाका काफी भीड़भाड़ वाला इलाका है. यहां रविवार को संडे मार्केट लगता है. पुलिस जांच में जुट गई है कि यह किस तरह का ब्लास्ट था. जम्मू कश्मीर पुलिस के आईजी ने कहा है कि यह एक मिस्टीरियस ब्लास्ट था. पुलिस घटनास्थन पर पहुंच चुकी है और मामले की जांच कर रही है. आतंकी ब्लास्ट की भी आशंका जताई जा रही है. सूत्रों ने बताया कि धमाके में घायल सभी लोगों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. धमाके वाले इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया और सील कर दिया गया है.

सूत्रों का ये भी कहना है कि घायलों की संख्या में इजाफा भी हो सकता है. श्रीनगर के खानयार में  शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई थी. इस मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने लश्कर के कमांडर उस्मान को मार गिराया था. उस्मान को लश्कर कमांडर सजाद गुल का था दाहिना हाथ माना जाता था. उस्मान का कोड नेम “छोटा वालिद” था.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, आतंकवादियों ने टीआरसी के पास एक भरे बाजार में ग्रेनेड फेंका, हमले के बाद अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि घायल लोगों को केवल कुछ छर्रे लगे हैं। घटना के तुरंत बाद, पूरे क्षेत्र को सुरक्षा बलों द्वारा घेर लिया गया ताकि हमलावरों को पकड़ा जा सके। इस हमले से संबंधित और जानकारी जुटाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *