राजस्थान के नागौर में 10 हजार किलो अमोनियम नाइट्रेट जब्त

समृद्धि न्यूज। राजस्थान की नागौर पुलिस ने एक फार्म हाउस में छापा मारकर भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ बरामद किया है, जो अवैध खनन के लिए इस्तेमाल करने को छिपाया गया था। मुखबिर से मिली सूचना पर यह छापेमारी की गई थी, जिसमें अमोनियम नाइट्रेट के साथ कई चीजें बरामद हुईं। राजस्थान के नागौर जिले में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री जब्त की गई है। थांवला थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सरहद हरसौर गांव स्थित एक खेत में बने फार्महाउस पर छापा मारा। तलाशी के दौरान वहां से लगभग 9,550 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट बरामद किया गया, जिसे 187 कट्टों में भरकर रखा गया था। वहीं, पुलिस ने 58 वर्षीय सुलेमान खान को गिरफ्तार किया गया है, जो इसी इलाके का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले से तीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। एक अधिकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में बड़े स्तर पर अवैध विस्फोटकों का भंडारण किया गया है। इसके बाद पुलिस की टीम ने पूरी प्लानिंग से घेराबंदी कर संदिग्ध ठिकाने पर दबिश दी, यह पूरी कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी के सुपरविजन में की गई। मौके से विस्फोटक उपकरणों में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री भी बड़ी मात्रा में मिली, पुलिस ने 9 कार्टून डेटोनेटर, 15 बंडल नीली फ्यूज वायर, 5 बंडल लाल फ्यूज वायर सहित कई अन्य उपकरण जब्त किए हैं, पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री को एकांत क्षेत्र में बने लगभग 45 एकड़ के फार्महाउस के कमरों में छिपाकर रखा गया था, प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि इन विस्फोटकों की सप्लाई कथित रूप से खनन कार्य से जुड़े लोगों को की जानी थी, हालांकि यह गतिविधि वैध थी या अवैध, इसकी जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *