फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मेजर एस0डी0 सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में नवप्रवेशित स्नातक (यूजी) एवं स्नातकोत्तर (पीजी) छात्रों के लिए आयोजित 15 दिवसीय ओरिएंटेशन एवं ट्रांज़िशनल करिकुलम का शुभारंभ मंगलवार को एक भव्य उद्घाटन समारोह के साथ कॉलेज सभागार में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत 2024 बैच के छात्रों द्वारा पारंपरिक तिलक एवं मिठाई के साथ नए छात्रों के स्वागत से हुई। औपचारिक कार्यक्रम सुबह 9:00 बजे धन्वंतरि वंदना के साथ प्रारंभ हुआ। जिसे 2024 बैच के छात्रों ने प्रस्तुत किया। इसके पश्चात नवप्रवेशित छात्रों को मंच पर आमंत्रित कर उनका परिचय कराया गया और उन्हें स्वागत किट प्रदान की गई। जिसमें स्टेथोस्कोप, पेन, नोटपैड एवं अन्य आवश्यक सामग्री शामिल थीं। कार्यक्रम में जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ0 विजय कुमार यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनका स्वागत प्राचार्या डॉ0 नीतूश्री एवं डॉ0 मुकेश विश्वकर्मा द्वारा किया गया। स्वागत भाषण में डॉ0 नीतूश्री ने छात्रों व अभिभावकों को कॉलेज जीवन, अनुशासन, अध्ययन पद्धति तथा भविष्य के शैक्षणिक वर्षों का सर्वोत्तम उपयोग कर एक कुशल चिकित्सक बनने के मार्गदर्शन से अवगत कराया। मुख्य अतिथि डॉ0 विजय कुमार यादव ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में आयुर्वेद के महत्व, आधुनिक समय में इसकी बढ़ती उपयोगिता तथा कोर्स पूर्ण होने के उपरांत उपलब्ध करियर अवसरों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने छात्रों को जिला आयुर्वेद एवं यूनानी कार्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता हेतु प्रोत्साहित किया। इसके उपरांत प्राचार्या डॉ0 नीतूश्री, डीन डॉ0 निरंजन एस, डॉ0 रीता सिंह एवं डॉ0 मुकेश विश्वकर्मा द्वारा मुख्य अतिथि का औपचारिक सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ यूजी एवं पीजी छात्रों द्वारा अनुभव साझा सत्र आयोजित किया गया। जिसमें उन्होंने अपनी शैक्षणिक यात्रा से जुड़े अनुभव साझा कर नए छात्रों का उत्साहवर्धन किया। इसके बाद विभागाध्यक्षों एवं संकाय सदस्यों द्वारा विभागीय परिचय प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात एनसीआईएसएम दिशानिर्देशों के अनुसार प्री-टेस्ट का आयोजन डॉ0 रतीश एवं डॉ0 रुचि के पर्यवेक्षण में किया गया। कार्यक्रम के दौरान 2024 बैच के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी दी गईं। जिन्होंने समारोह में उत्साह व ऊर्जा का संचार किया। डॉ0 मुकेश विश्वकर्मा ने कॉलेज की स्थापना, विकास यात्रा और उपलब्धियों पर आधारित अपने प्रेरक उद्बोधन से उपस्थित लोगों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ0 गगन एवं डॉ0 मधु रंजन ने किया। उद्घाटन दिवस का समापन योग प्रशिक्षक डॉ0 कविता नेगी द्वारा आयोजित माइंडफुलनेस योग सत्र के साथ हुआ। इसके बाद डॉ0 रीता सिंह ने औपचारिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के उपरांतए डॉ0 सुहेबा, डॉ0 अरीब हुसैन, डॉ0 रेशमा एवं डॉ0 आनंद बाजपेई के मार्गदर्शन में कैंपस ओरिएंटेशन टूर का आयोजन किया गया। जिसमें छात्रों और अभिभावकों की सभी शंकाओं का समाधान किया गया। समग्र रूप से ओरिएंटेशन एवं ट्रांज़िशनल करिकुलम का प्रथम दिवस अत्यंत सफल और सुचारू रूप से संपन्न हुआ। जिसने नए बैच के उदीयमान आयुर्वेद छात्रों के लिए एक प्रेरणादायक शुरुआत प्रदान की। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के शिक्षकों के अतिरिक्त अनूप, राहुल, अनिकेत इत्यादि का योगदान सराहनीय रहा।
मेजर एस0डी0 सिंह पीजी आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज में 15 दिवसीय ओरिएंटेशन एवं ट्रांजशिनल करिकुलम का हुआ शुभारंभ
