
गांव में चितकार, प्रशासन ने गांव में तैनात की फोर्स
मुख्यमंत्री ने मृतकों को 2-2 लाख रुपये व घायलों को 50-50 हजार रुपये देने का किया ऐलान
समृद्धि न्यूज। पूर्णमासी पर गंगा स्नान के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली तालाब में पलट गई। जिसमें 22 लोगों की मौत हो गई है। बदायूं हाईवे पर दरियागंज के पास गंगा स्नान को जा रहे श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर सडक़ किनारे तालाब में गिर गया। जिसमें 54 लोग सवार थे। मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना स्थल पर लोगों की भीड़ लग गयी। आनन-फानन में प्रशासन घटना स्थल पर पहुंच गया। सीएम योगी ने कासगंज में हुए सडक़ हादसे का संज्ञान लिया है और हादसे पर गहरा दुख जाहिर किया है। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त ही है और मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को 50 हज़ार रुपये सहायता राशि देने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने सभी घायलों का समुचित निशुल्क उपचार कराने के भी निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार पूर्णमासी पर कासगंज के पटियाली-दरियावगंज मार्ग पर सुबह करीब 10 बजे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली सभी लोग गांव के वीरपाल के पुत्र के मुंडन संस्कार के लिए गंगाजी जा रहे थे। ट्रैक्टर.ट्राली में कुल 54 लोग सवार थे। ट्रैक्टर-ट्राली ओवरलोड थी।

मृतकों में वीरपाल की पत्नी 50 वर्षीय शकुंतला देवी शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे में राजेश का 10 साल का पुत्र कार्तिक और दो माह की पुत्री अंसुनी की भी मृत्यु हुई है। ट्रैक्टर-ट्राली में 54 लोग सवार थे, जो गांव कसा, खिरियाए रौरी और गांव बरार के रहने वाले हैं। रौरी के चार लोग इस ट्रैक्टर-ट्राली में थे, जबकि खिरिया से दो लोग गए थे। सबसे ज्यादा लोग गांव की बुजुर्ग महिला बिट्टो देवी के परिवार से थे। गांव कसा से शिवम, उसमा देवी, आर्यन, अंजली, अनुभव, रजनी, रानी, कुंवरपाल, दीक्षा, माडल, प्रांशु, गायत्री देवी, सतेंद्र सिंह, पुष्पा देवी, गौरव, गौरव का बेटा बिट्टू, पुत्री सपना, शकुंतला देवी, मीरा देवी, दीक्षा अवनेश, दर्शनपाल, लक्ष्मी देवी, रूबी, अनमोल, देवांशु, महेंद्रपाल, शिवानी, कार्तिक, सोम्या, ओमपाल, मिथलेश, तनु, राजकुमारी, कुलदीप, कमलेश, संजीव, जविता, संजीव की पुत्री पायल, रामबेटी, राजपाल, मीरा देवी, श्यामलता सहित 54 लोगों की सूची प्रशासन ने बनाई है, जो गंगाजी के लिए निकले थे।

इसके अलावा रौरी के राहुल, अंजली, सनी एक अज्ञात गांव बरार के नेकराम, एक बालक अज्ञात, गांव खिरिया के साहब सिंह और देवेंद्र सिंह भी ट्रैक्टर-ट्राली में थे। सूचना पर आनन-फानन में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, एसएसपी राजेश सिंह गांव कसा पहुंच गए हैं। वहां पर फोर्स की तैनाती कर दी गई है। जिलाधिकारी ने पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचने से पहले ही अंतिम संस्कार की सभी व्यवस्थाएं करने के अधीनस्थों को निर्देश दिए हैं। अलीगढ़ रेंज के कमिश्नर शलभ माथुर ने बताया कि राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। जबकि जिला प्रशासन अधिकारियों को घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही योगी सरकार ने मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपए और घायलों को पचास हजार रुपए की मदद का एलान किया है।

