ग्रेटर नोएडा में 3 मंजिला बिल्डिंग भरभराकर ढही, 4 की मौत

नोएडा: नोएडा एयरपोर्ट के पास रबूपुरा क्षेत्र के नगला हुकुम सिंह गांव में अवैध रूप से बन रही तीन मंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। घटना के समय निर्माण कार्य कर रहे मजदूर दब गये। बताया गया कि तीसरी मंजिल की लेंटर शटरिंग खोली जा रही थी, तभी पूरी इमारत नीचे से ऊपर तक चंद सेकंड में ढह गई। पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें देर रात तक मलबे में दबे मजदूरों को निकालने में जुटी रहीं। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। जहां चिकित्सक ने चार को मृत घोषित कर दिया। घायलों का इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, रबूपुरा के नगला हुकुम सिंह गांव में महावीर सिंह पुत्र रघुनाथ सिंह अपने खेत में तीन मंजिला मकान बनवा रहे थे। तीसरी मंजिल पर डाले गए लेंटर की शटरिंग खोलते समय लेंटर गिरा तो तीनों मंजिलें एक के ऊपर एक करती हुईं भरभराकर ढह गईं। बिल्डिंग के मलबे में वहां काम कर रहे मजदूर दब गए। सूचना के बाद रबूपुरा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। मौके पर एनडीआरएफ के डिप्टी कमांडेंट कुबेर शर्मा, एसडीएम जेवर अभय कुमार, एडीसीपी सुधीर सिंह, एसीपी सार्थक सेंगर, रबूपुरा कोतवाली प्रभारी सुजीत कुमार उपाध्याय व अन्य थाना प्रभारी मौके पर पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे और राहत कार्य शुरु किया गया। घायलों को अस्पताल भिजवाया गया। जहां चिकित्सक ने चार को मृत घोषित कर दिया और घायलों का उपचार शुरु कर दिया। वहीं जेवर विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे और पीडि़त परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील करते हुए राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *