डीएम व जिला पंचायत अध्यक्ष ने युगल जोड़ों को दीं भविष्य की शुभकामनायें
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को 436 जोड़ों का सामूहिक विवाह संपन्न हुआ। इनमें ६ जोड़ों का निकाह हुआ, जबकि रजिस्ट्रेशन ४६९ जोड़ों ने कराया था, जिसमें से 8 ने निकाह के लिए रजिस्ट्रेशन किया था।
कमालगंज ब्लाक क्षेत्र स्थित एक विश्वविद्यालय परिसर को भव्य रूप से सजाया गया था। जहां सुबह से ही जोड़े पहुंचने लगे थे। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस तैनात रही। एक ओर जहां वैदिक मंत्रों के साथ विवाह संपन्न कराए जा रहे थे, तो दूसरी ओर निकाह की रस्में अदा की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी, अमृतपुर विधायक सुशील शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष मोनिका यादव और सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। यह आयोजन गरीबों की कन्याओं के विवाह के लिए संचालित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत किया गया। जनपद के सात ब्लॉकों से कुल 469 आवेदन प्राप्त हुए थे। जिनका सत्यापन करने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की गई। योजना के तहत प्रत्येक लाभार्थी को 1 लाख रुपए दिए जाते हैं। विधायक सुशील शाक्य ने बताया कि सरकार की ओर से प्रति विवाह 1 लाख रुपए खर्च किए जाते हैं। जिसमें से 60,000 रुपए वर-वधू के खाते में भेजे जाते हैं। 25,000 रुपए का गृहस्थी का सामान दिया जाता है और 15,000 रुपए कार्यक्रम के आयोजन पर खर्च किए जाते हैं। प्रशासन द्वारा विवाह समारोह में भोजन की भी व्यवस्था की गई थी। जहां जोड़ों के परिजनों को खाने की थालियां वितरित की गईं। गृहस्थी के सामान के रूप में कंबल, गद्दा सहित अन्य आवश्यक वस्तुएं भी प्रदान की गईं। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने नव युगल को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 436 जोड़ परिणय सूत्र में बंधे, 6 का हुआ निकाह
