फरीदाबाद: केमिकल कंपनी में ब्लास्ट के बाद भीषण आग, 50 लोग झुलसे

समृद्धि न्यूज। फरीदाबाद के मुजेसर इलाके में एक तेल और केमिकल के गोदाम में शॉर्ट सर्किट के चलते भीषण आग लग गई, जिसकी वजह से करीब 50 से अधिक लोग बुरी तरह झुलस गए। हादसे की खबर मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मी भी इस आग की चपेट में आ गए, जिनमें से कई की हालत गंभीर है। हरियाणा के फरीदाबाद के सेक्टर-24 स्थित कालका केमिकल कंपनी में ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई है। आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई है। ब्लास्ट के बाद आग की लपटों ने तेज़ी से पूरे परिसर को अपने कब्जे में ले लिया। आग लगने के बाद बॉयलर में भी ब्लास्ट हुआ जिसके बाद लोग यहां वहां दौड़ते नजऱ आए। 12 घायलों को सिविल हॉस्पिटल और लगभग 30 लोगों को फॉर्टिस हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। घायलों मे तीन पुलिसकर्मी और दो दमकल कर्मी भी है, ब्लास्ट से आसपास गुजरने वाले लोग भी चपेट में आ गए। कंपनी के बाहर खड़े 8 से 10 वाहन भी आग की चपेट में आ गए हैं। घटनास्थल के पास के फोटो-वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें देखा जा सकता है कि आग की लपटों ने पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया है। आग इतनी भयावह थी कि बाहर सडक़ से गुजर रहे लोग भी इसकी चपेट में आ गए और बुरी तरह झुलस गए। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर टीम की करीब 24 गाडिय़ां आग को बुझाने में जुटीं। आग बुझाते समय फायर टीम के कई जवान झुलस गए, इन सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है। आग लगने की ख़बर के बाद मौके पर पहुंचे बल्लभगढ़ के विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने बताया कि अभी वे हादसे के बारे में तमाम जानकारियां ले रहे हैं और बड़ा ही दुखद हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि घायलों को प्राइवेट और सरकारी अस्पताल भेजा गया है और जांच करने के बाद जो भी कार्रवाई बनेगी, वो की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *