कायमगंज, समृद्धि न्यूज। सीपी विद्या निकेतन स्कूल के विशाल प्रांगण में शनिवार को 68वीं क्षेत्रीय माध्यमिक एथलेटिक्स प्रतियोगिता का समापन हुआ। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर खिलाडिय़ों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत चैम्पियनशिप में बालक वरिष्ठ वर्ग में केएसआर इंटर कॉलेज के अनिकेत गौतम और अभिषेक, बालक कनिष्ठ वर्ग में सीपी स्कूल के अर्जुन सिंह और उप कनिष्ठ वर्ग में रुद्र प्रताप, बालिका कनिष्ठ वर्ग में शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज विराहिमपुर सृष्टि, बालिका उप कनिष्ठ वर्ग में पूनम व प्रतीक्षा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के संयोजक व प्रधानाचार्य योगेश चन्द्र तिवारी ने कहा कि जिस प्रकार भोजन शरीर को पोषण देता है। उसी प्रकार खेल बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए आवश्यक हैं। खेल मानव जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और छात्रों को हार जीत की चिंता किए बिना पूरे मनोयोग से इसमें भाग लेना चाहिए। समापन सत्र में विजेता खिलाडिय़ों को मेडल व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। साथ ही सभी व्यायाम शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कस्बा चौकी प्रभारी नागेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य विश्व मोहिनी पांडे, ओमपाल सिंह रघुवंशी, राजवेन्द्र मिश्रा, सुनील कुमार दुबे, आचार्य राजेश शास्त्री, मनोज श्रीवास्तव, डॉ0 मनोज तिवारी, धर्मेंद्र मिश्रा, ज्ञानेन्द्र सिंह, अतुल राठौर, आकाश उपाध्याय और सौरभ गुप्ता आदि मौजूद रहे।
