ई-रिक्शा चालक के खाते से 70 हजार रुपये उड़ाये

कमालगंज, समृद्धि न्यूज। थाना क्षेत्र के गदनपुर देवराजपुर निवासी ई-रिक्शा चालक फैज साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। उसके बैंक खाते से 24 घंटे के भीतर 70 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीडि़त ने कहा कि उसने न तो किसी को ओटीपी बताया और न ही कोई संदिग्ध कॉल रिसीव की, इसके बावजूद भी उसके खाते से पैसे निकल गये।
पीडि़त फैज ने बताया कि 24 फरवरी को उनके मोबाइल पर एक साथ कई अनजान कॉल, मैसेज और व्हाट्सएप संदेश आने लगे। उन्होंने इनमें से किसी भी कॉल को नहीं उठाया। कुछ देर बाद उनके खाते से रुपये कटने के मैसेज आने शुरू हो गए। परेशान फैज ने उसी रात एक कैफे पर जाकर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। उन्होंने बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर भी कॉल किया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। इसके बाद उन्होंने अपना मोबाइल एयरप्लेन मोड पर डाल दिया। अगले दिन 25 फरवरी को फैज ने अपना फोन फॉर्मेट कराया और दोबारा सिम डाली। इसके बावजूद उनके खाते से रुपये कटने के संदेश आते रहे। इस तरह कुल 70 हजार रुपये 24 घंटे के भीतर निकाल लिए गए। अब फैज न्याय के लिए बैंक, थाने और साइबर सेल के चक्कर लगा रहा है। कमालगंज थाना अध्यक्ष अवध नारायण पांडे ने बताया कि इस संबंध में तहरीर प्राप्त हुई है। यह साइबर क्राइम से जुड़ा मामला है जिसकी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *