कबाड़ व्यापारी से मारपीट कर लूटे 1 लाख 15 हजार

जांच में मामला मारपीट का सामने आया, लूट की घटना संदिग्ध पुलिस बता रही है
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। कस्बा में कबाड़े का सामान उठाने आए व्यापारी से युवकों ने गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। पीडि़त ने थाने पहुंचकर लूट का आरोप लगाकर तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार कन्नौज जिले के छिबरामऊ कस्बा के रामपुर निवासी रामजीवन राठौर कबाड़े का व्यापार करता है। मंगलवार दोपहर रामजीवन का पुत्र अंशु राठौर कस्बा में पिकअप से कबाड़े का सामान उठाने आया था। अनिल कुमार के यहां गाड़ी रोककर अंशु सामान लदवा रहा था, तभी वहां कस्बा के रहने वाले आठ युवक आए और अंशु से गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर मारपीट शुरू कर दी तथा धमकी देकर हमलावर वहां से भाग गए। पीडि़त ने घटना की सूचना परिजनों को दी। कन्नौज के भाकियू भानूगुट के जिलाध्यक्ष सुशील कुमार उर्फ चिंटू के साथ परिजन घटना स्थल पर पहुंच गये और उसके बाद थाने पहुंचकर तहरीर दी। जिसमें कहा कि युवकों ने मारपीट कर बैग में रखे १ लाख १५ हजार रुपये लूट लिये। प्रभारी थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश, कस्बा प्रभारी प्रशांत कुमार तुरन्त आरोपी युवकों को पकडऩे के लिए बताये गये स्थान पर पहुंचे, लेकिन वह वहां नहंी मिला। इस दौरान महिलाओं से पूछताछ के लिए थाने बुला लायी। थानाध्यक्ष का कहना है कि प्रथम जांच में मामला मारपीट का लगता है, लूट की बात संदिग्ध प्रतीत होती है। आरोपी के पकड़े जाने पर ही घटना का पता चलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *