हसनगंज तहसील समाधान दिवस में 245 शिकायतें, 13 का मौके पर निस्तारण, राजस्व मामले अधिक होने पर डी एम ने लगाई फटकार

उन्नाव, समृद्धि न्यूज। जनपद के हसनगंज में आयोजित संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में राजस्व के मामलों की शिकायतें अधिक होने पर जिलाधिकारी गौरांग राठी ने उपजिलाधिकारी पर नाराजगी व्यक्त की। इस समाधान दिवस में कुल 245 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 13 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
प्राप्त प्रार्थना पत्रों में राजस्व के सर्वाधिक 97 मामले आये इसके अतिरिक्त, पुलिस से संबंधित 29, विकास के 31, विद्युत के 21, पूर्ति विभाग के 17 और अन्य 50 मामले शामिल थे।
खेरवा अलादातपुर निवासी मनीष ने शिकायत की कि उनकी जमीन के आगे गांव के कुछ लोगों ने कब्जा कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। इसी तरह, मोहान के डॉ. अशोक यादव ने बताया कि धावाहार में चकरोड की जमीन पर लखनऊ के गोयल ने अतिक्रमण कर बाउंड्री बनवा ली है। मोहान चेयरमैन समरजीत यादव ने प्रधानमंत्री आवास योजना सूची से काटे गए नामों की दोबारा जांच की मांग की। सैरपुर निवासी ओमकार सिंह ने बताया कि 15 दिन पहले लोक निर्माण विभाग द्वारा बनाई गई सैरपुर गजफरनगर मार्ग उखड़ गई है। इस पर डीएम ने संबंधित अधिशासी अभियंता (एक्सियन) को बुलाकर जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान डीएम गौरांग राठी का सख्त रुख देखने को मिला। हरौनी समसुद्दीन ग्राम पंचायत के प्रधान से उन्होंने कहा कि कार्यकाल समाप्त होने वाला है और अब ग्राम समाज की जमीन छुड़वाने की याद आई है। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए विकास कार्यों की जांच के आदेश दिए और जांच की जिम्मेदारी डीपीआरओ को सौंपी। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
हसनगंज संपूर्ण तहसील समाधान दिवस में कालका प्रसाद ने एक प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 2019 से धारा 24 का उनका हद बरारी वाद लंबित है। राजस्व निरीक्षक (आर.आई.) ने पैमाइश के बावजूद रिपोर्ट नहीं दी है, जिसके कारण पीड़ित पैमाइश रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और उसने डीएम से न्याय की गुहार लगाई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *