एटा में दंपत्ति सहित चार लोगों की बेरहमी से हत्या

एटा: एटा के गांव नगला प्रेमी में रविवार दोपहर एक ही परिवार के चार लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों में बुजुर्ग दंपती, बहू और पौत्री शामिल है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हत्यारे परिचित लग रहे हैं, क्योंकि सीसीटीवी फुटेज में बेटे कमल सिंह के अलावा कोई बाहरी व्यक्ति नहीं दिखा। वारदात दोपहर 1 से 2 बजे के बीच हुई। घटनास्थल पर चाय के कप और ज्योति के गले में दुपट्टा मिला। पुलिस जमीन विवाद और अंतरजातीय विवाह जैसे पहलुओं की भी जांच कर रही है। मकान के मेन गेट को खोलने के बाद एक कमरे में गंगा सिंह शाक्य का खून से लथपथ शव चारपाई पर पड़ा था। रजाई उनके कमर से ऊपर तक पड़ी थी। इसे देखकर लग रहा था कि वह रजाई ओढक़र लेटे हुए थे या सो रहे थे। उनके सिर में ईंट मारकर हत्या की गई थी और खून चारपाई से नीचे तक बह रहा था। सीढिय़ों से ऊपर चढक़र पहली मंजिल पर बने कमरे का नजारा और ज्यादा भयावह था। श्यामा देवी को घायल हालत में मेडिकल कॉलेज की इमजरेंसी पहुंचा दिया गया था। रत्ना देवी का शव बेड पर और और ज्योति का शव नीचे जमीन पर पड़ा हुआ था। इनके भी सिर और चेहरे बुरी तरह कुचले गए थे।
जानकारी के मुताबिक, एटा के गांव नगला प्रेमी निवासी 70 वर्षीय गंगा सिंह शाक्य, 65 वर्षीय श्यामा देवी, पुत्रवधू 48 वर्षीय रत्ना देवी और पौत्री ज्योति की ईंटों से कुचलकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। चारों के शव घर के अलग-अलग दो कमरों में पड़े मिले। हैरानी की बात यह रही कि पड़ोसियों ने न तो किसी तरह की चीख-पुकार सुनी और न ही किसी संदिग्ध हलचल पर ध्यान गया। इससे यह आशंका और मजबूत होती है कि हत्यारों ने चारों को एक साथ काबू में कर लिया था और उन्हें विरोध करने का मौका नहीं दिया गया। सूत्रों के अनुसार, घटना को अंजाम देने वाले लोग घर के सदस्यों से करीबी संबंध रखते थे। यही वजह रही कि वे बिना किसी शोर-शराबे के घर के अंदर तक पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज ले कर जांच शुरू कर दी है। जांच में सामने आया है कि मकान के पीछे के गेट के सामने लगे कैमरे में कोई भी व्यक्ति घर में प्रवेश करता हुआ नहीं दिखा। घर के पीछे पिछला दरवाजा अंदर से बंद था, और उस पर ताला लगा हुआ था। परिवार आमतौर पर उस रास्ते का इस्तेमाल नहीं करता। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच की फुटेज में कमल सिंह की घर में ही मौजूदगी दर्ज है। इसके बाद किसी बाहरी व्यक्ति की एंट्री या एग्जिट नहीं दिखती। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरु कर दी है। पुलिस ने घटना का खुलासा करने के लिए पुलिस की कई टीम लगायी है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *