फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। पांचाल घाट स्थित श्रीरामनगरिया में बसंत पंचमी के अवसर पर जूना अखाड़ा की यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में बड़ी संख्या में संत और श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा से पूर्व अखाड़े में विधि-विधान से पूजन किया गया।
जूना अखाड़े के महंत सत्यगिरी महाराज के नेतृत्व में यह यात्रा दोपहर बाद शुरू हुई। यात्रा के शुभारंभ से पहले मां सरस्वती का पूजन और हवन किया गया। ढोल नगाड़ों के साथ यात्रा का आगाज हुआ। जिसमें अबीर-गुलाल उड़ाया गया। यात्रा पूरे रामनगरिया क्षेत्र में घूमती हुई गंगा तट पर पहुंची। इसमें साधु-संत ढोल-नगाड़ों पर नाचते हुए चल रहे थे। संत अलग-अलग वेशभूषा में नजर आए। कुछ भस्म लगाए तलवार लिए हुए थे, तो कुछ टोपी पहनकर चल रहे थे। इस दौरान जय श्री राम के नारे गूंजते रहे। यात्रा के दौरान प्रशासनिक पंडाल में मेला लिपिक ने संतों का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद कोतवाली में भी यात्रा का स्वागत किया गया। छठी सीढ़ी के गंगा तट पर पहुंचकर जूना अखाड़ा के महंत ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। महंत सत्यगिरी महाराज ने बताया कि यह यात्रा बसंत पंचमी के अवसर पर निकाली गई है। जिसमें गंगा मैया से भक्तों के स्वस्थ और निरोगी रहने की कामना की जाती है। सुरक्षा की दृष्टि से यात्रा मार्ग पर पुलिस बल भी तैनात रहा। यात्रा गंगा तट से वापस अखाड़े में आकर समाप्त हुई। इस दौरान यात्रा में सागरपुरी, विपिनपुरी, विरेंद्रपुरी, श्यामपुरी, चंद्रमागिरी, शंकरगिरी, जितेंद्रगिरी, स्वामी धर्म चेतन महाराज, सेवागिरी, रामगिरी, दुर्वासागिरी, वी श्याम लालपुरी आदि संतगण यात्रा में मौजूद रहे।
मेला श्रीरामनगरिया में जूना अखाड़ा से निकली यात्रा, उड़ा अबीर गुलाल
