फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज़। आर्मी पब्लिक स्कूल फतेहगढ़ कैण्ट में 77 वां गणतन्त्र दिवस बड़े धूमधाम से मनाया गया। एन.सी.सी. के कैडिट्स , स्काउट एवं गाइड तथा कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के छात्रों द्वारा सिखलाई म्यूजियम से लेकर आर्मी पब्लिक स्कूल तक प्रभात फेरी निकाली गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिखलाई रेजीमेंट के ट्रेनिंग बटालियन के कमाण्डिंग आफीसर कर्नल अभिषेक गुप्ता रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत प्रधानाचार्य सञ्जीव ने किया। मुख्य अतिथि ने झण्डा फहराकर सलामी दी। एन.सी. सी. के 4 यू पी बटालियन और 12 यू पी बटालियन के कैडिट्स के द्वारा राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गयी। इस अवसर पर बालवाटिका,पूर्व प्राथमिक वर्ग , प्राथमिक वर्ग और माध्यमिक वर्ग के छात्र – छात्राओं द्वारा देशभक्ति से परिपूर्ण अनेक रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। यह सम्पूर्ण कार्यक्रम ‘आपरेशन सिन्दूर को श्रद्धांजलि ‘ थीम पर समर्पित रहा। मुख्य अतिथि कर्नल अभिषेक गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि सबसे पहले, मैं इस भव्य सभा में उपस्थित होकर अभिभूत और विनम्र महसूस कर रहा हूं, जहां ‘आदरणीय गुरु’ अपने ‘शिष्य’ को कल के सक्षम राष्ट्र निर्माता बनाने के लिए तैयार कर रहे हैं। मुझे यहां आमंत्रित करने के लिए मैं आर्मी पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य और विद्यालय समुदाय के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि अब इस वर्ष 2026 में हम “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” की राष्ट्रीय थीम और “आत्मनिर्भर भारत” की परिकल्पना के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। उन्होंने बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले छात्र – छात्राओं को अच्छे परीक्षा परिणाम के लिए शुभ कामनायें दीं। इस अवसर पर राष्ट्रीय कैडेट कोर और छात्र – परिषद् के छात्र – छात्राओं को उनके अच्छे प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम के अन्त में विद्यालय के प्रधानाचार्य सञ्जीव ने मुख्य अतिथि महोदय का धन्यवाद ज्ञापन करते हुए कहा कि हमारे लिये देश ने क्या किया इसकी अपेक्षा हम देश के लिए क्या कर रहे हैं, यह आवश्यक है। समाज के लिए हमारे कुछ कर्त्तव्य हैं। सभी शिक्षकों से मेरा अनुरोध है कि वह अपने कर्त्तव्यों का बोध रखते हुए नवराष्ट्र के निर्माता छात्र – छात्राओं का सही मार्गदर्शन करें। कार्यक्रम का संचालन आकांक्षा, आराध्या, अस्तित्व व्यास और शिजा खान ने किया। कार्यक्रम का समापन मिष्ठान वितरण के साथ हुआ। इस अवसर पर एस ओ मेजर राकेश भी उपस्थित रहे।
आर्मी पब्लिक स्कूल में गणतन्त्र दिवस पर हुआ रंगारंग कार्यक्रम
