फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। रामनगरिया मेले में गंगा का कटान तेज हो गया है। जिससे कल्पवासियों की कई झोपडिय़ां, बेरीकेडिंग क्षतिग्रस्त हो गयी। वहीं सीढ़ी नंबर सात पर घाट पर कई दरारें पड़ गयीं। जिससे कल्पवासियों व साधु संतों में दहशत का माहौल है।
पांचाल घाट गंगा तट पर लगे रामनगरिया मेले में गंगा का कटान तेजी से जारी है। बुधवार दोपहर को भी कटान काफी तेज रहा। सीढ़ी नंबर सात की ओर कटान का असर स्पष्ट दिख रहा है। बच्चा बाबा क्षेत्र में कटान के कारण भंडार गृह के पास की टीन शेड भी इसकी चपेट में आ गई है। कटान के चलते कई जगह दरारें भी पड़ गई हैं। कल्पवासी सतीश ने बताया कि कटान बहुत तेजी से हो रहा है। उनके अनुसार रात में भी पहाड़ी से बालू के टीले भरभरा कर गिरते हैं और पिछले दो दिनों में कई फीट कटान हो चुका है। संत अयोध्या दास ने जानकारी दी कि सीढ़ी नंबर सात पर लगातार हो रहे गंगा कटान के कारण राउटियों को पीछे हटाना पड़ा है। कई गंगा पुत्रों के घाट के हिस्से भी तेज कटान की चपेट में आ गए हैं। जिससे उनकी चिंता बढ़ गई है। गंगा पुत्र अपने घाटों को बचाने के लिए बालू डालकर उन्हें ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं।
गंगा में कटान के चलते कल्पवासियों की कई झोपडिय़ां क्षतिग्रस्त
