इटावा : प्रदेश सरकार की विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र की ओर से ग्रामीण व शहरी दस्तकारों तथा पारंपरिक कारीगरों के लिए 10 दिवसीय निःशुल्क कौशल उन्नयन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस योजना का उद्देश्य पारंपरिक कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाना है।
प्रशिक्षण के दौरान कुम्हार, लोहार, बढ़ई, राजमिस्त्री सहित अन्य पारंपरिक ट्रेड में प्रशिक्षण दिया जाएगा। योजना के अंतर्गत जाति संबंधी कोई बाध्यता नहीं रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थी केवल एक ट्रेड के लिए ही आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रखी गई है। अभ्यर्थी http://msme.up.gov.in वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि अब 15 फरवरी 2026 निर्धारित की गई है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु न्यूनतम 18 वर्ष होनी चाहिए तथा आवेदक का उत्तर प्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है। आवेदन के समय शैक्षिक व तकनीकी योग्यता से संबंधित प्रमाण पत्र (यदि उपलब्ध हों), आय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पहचान पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। दिव्यांग अभ्यर्थियों को दिव्यांग प्रमाण पत्र अपलोड करना होगा।
ग्रामीण क्षेत्र के अभ्यर्थियों को ग्राम प्रधान द्वारा तथा नगरीय क्षेत्र के अभ्यर्थियों को सभासद द्वारा हस्ताक्षरित प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। चयन प्रक्रिया पोर्टल पर प्राप्त अंकों के आधार पर की जाएगी। यह जानकारी जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र इटावा की ओर से दी गई है।
कारीगरों के लिए सुनहरा मौका, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में 15 फरवरी तक करें आवेदन
