समृद्धि न्यूज। वाराणसी में यूपी एसटीएफ ने मुठभेड़ के बाद एक लाख के इनामी बदमाश बनारसी यादव को मार गिराया है। चौबेपुर क्षेत्र में घेराबंदी के दौरान उसने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में वह घायल हुआ और अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया। मूल रूप से गाजीपुर का रहने वाला बनारसी यादव सारनाथ थाना क्षेत्र में कोलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या में वांछित था। बनारसी यादव पर एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे। बनारसी यादव के खात्मे को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है। पुलिस का कहना है कि बनारसी यादव की मौत के बाद अपराध में कमी देखने को मिलेगी।
वाराणसी में कुख्यात शूटर बनारसी यादव एनकाउंटर में ढेर हो गया है। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में ये एनकाउंटर हुआ है। पुलिस के मुताबिक, उसकी तलाश लंबे समय से की जा रही थी और गिरफ्तारी के लिए कई टीमें अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही थीं। आखिरकार मंगलवार देर रात चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर एसटीएफ को उसकी लोकेशन की पुख्ता सूचना मिली थी। पुलिस की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर बनारसी यादव को सरेंडर का मौका दिया, लेकिन उसने हथियार डालने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोलियां लगी। घायल हालत में उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया, मौके से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए। बनारसी यादव का नाम 21 अगस्त 2025 को हुए सनसनीखेज हत्याकांड में प्रमुख रूप से सामने आया था। उस सुबह वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र स्थित अरिहंत नगर कॉलोनी फेज-2 में बाइक सवार तीन बदमाशों ने कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाई थीं। एसटीएफ के मुताबिक मारा गया बदमाश बनारसी यादव सुपारी लेकर हत्या को अंजाम देता था, पिछले दिनों सारनाथ क्षेत्र में कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की हत्या में भी वांछित था और उस पर एक लाख का इनाम घोषित था, बनारसी यादव पर हत्या, अपहरण, लूट जैसे एक दर्जन से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज थे।
एक लाख का इनामी सुपारी किलर बनारसी यादव मुठभेड़ में ढेर
