भारत को डराइए मत, हम ट्रंप के हटने का करेंगे इंतजार, एनएसए अजीत डोभाल ने सुनाई थी खरी-खरी

समृद्धि न्यूज। टैरिफ को लेकर भारत और अमेरिका के बीच सहमति बन गई है, लेकिन बीते साल सितंबर में इस मुद्दे पर भारतीय एनएसए अजीत डोभाल ने अमेरिकी विदेश मंत्री को खूब बातें सुनाईं थी। डोभाल ने यहां तक कह दिया था कि भारत, धमकियों से नहीं डरने वाला। ब्लमूबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, ट्रेड डील से कुछ महीने पहले एनएसए अजीत डोभाल ने वाशिंगटन दौरे के दौरान रुबियो से दो टूक कहा था कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों से भारत डरने वाला नहीं है, उन्होंने ये तक कह दिया कि अगर राष्ट्रपति ट्रंप टैरिफ विवाद पर नहीं मानते हैं तो हम उनका कार्यकाल खत्म होने का इंतजार करेंगे। डोभाल ने मार्को रुबियो से कहा था कि वह दोनों देशों के बीच की कड़वाहट को पीछे छोडक़र ट्रेड डील पर फिर से बातचीत शुरू करना चाहते हैं, लेकिन भारत राष्ट्रपति ट्रंप और उनके शीर्ष स्तर के सहयोगियों के दबाव में नहीं आएगा। डोभाल ने रुबियो से यह भी कहा कि भारत ट्रेड डील को लेकर ट्रंप के कार्यकाल खत्म होने तक इंतजार करने को भी तैयार रहेगा, लेकिन यह भी चाहता है कि अमेरिकी प्रशासन अपनी सार्वजनिक आलोचना कम करे ताकि संबंधों को फिर से पटरी पर लाया जा सके। दोनों की मुलाकात बीते साल सितंबर में हुई थी। इस मुलाकात से पहले ही पीएम मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मुलाकात की थी। अजीत डोभाल और मार्को रुबियो की बैठक के कई महीने बाद अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ व्यापार समझौते का एलान किया है और भारत पर लगाए गए टैरिफ को भी कम किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *