जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने सुनीं जनसमस्याएं, मातहतों को दिये निर्देश
अमृतपुर, समद्धि न्यूज। तहसील अमृतपुर परिसर में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक आरती सिंह भी उपस्थित रहीं। अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 88 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें राजस्व विभाग से संबंधित 32, पुलिस विभाग से 24, विकास विभाग से 09, विद्युत विभाग से 03, खाद्य एवं रसद विभाग से 04 तथा अन्य विभागों से 16 शिकायतें शामिल रहीं। मौके पर कुल 07 प्रकरणों का तत्काल निस्तारण किया गया। शिकायतकर्ताओं में ग्राम दौलतपुर निवासी रामबेटी ने बताया कि वह अस्पताल में साफ.-सफाई का कार्य कर रही हैं, लेकिन अब तक उन्हें वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। वहीं नगला माखन निवासी केशव बाल ने भूमि पट्टे की पैमाइश को लेकर प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया।
ग्राम महमदपुर निवासी रामवीर ने खलिहान की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की। इसके अतिरिक्त ग्राम लीलापुर निवासी मोहन ने चोरी की घटना को लेकर शिकायत दर्ज कराई, जबकि कस्बा अमृतपुर निवासी श्यामवीर ने चोरी के संबंध में मुकदमा दर्ज कराने हेतु प्रार्थना पत्र दिया। जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस से संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा 70 वर्ष से अधिक आयु के 13 वृद्धजनों के आयुष्मान कार्ड भी बनवाए गए। जिससे उन्हें आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पांच लाख रुपये तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल सकेगा। संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपूर्ण समाधान दिवस में 88 शिकायतों में 07 का हुआ मौके पर निस्तारण
