फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। वहीं क्षेत्राधिकारी नगर भी मौके पर पहुंची और परिजनों से वार्ता की।
जानकारी के अनुसार कोतवाली फतेहगढ़ के अंतर्गत मोहल्ला ग्वालटोली टिलियां निवासी रामवीर की १९ वर्षीय पुत्री नैना ने शनिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे की बल्ली से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पिता राजमिस्त्री का काम करते हैं और घटना के समय अपने बेटे के साथ काम पर गए हुए थे। नैना की छोटी बहन काजल जब स्कूल से लौटकर घर पहुंची, तो उसने नैना को फांसी के फंदे पर लटका पाया। इसके बाद उसने परिवार और आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। मृतका के भाई राजू ने मोहल्ले के ही तीन नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। राजू का आरोप है कि उसकी बहन की हत्या कर शव को फांसी पर लटकाया गया है। कोतवाली फतेहगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रणविजय सिंह ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिल गई है और मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं क्षेत्राधिकारी नगर ऐश्वर्या उपाध्याय भी मौके पर पहुंची और परिजनों से वार्ता की।
संदिग्ध परिस्थितियों में युवती ने फांसी लगाकर दी जान
