जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा, घाट पर बैरिकेडिंग के निर्देश
कमालगंज, समृद्धि न्यूज। श्रंृगी ऋषि की तपोस्थली श्रृंगीरामपुर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर लगने वाले मेले की तैयारियों का बुधवार को जिलाधिकारी आशुतोष कुमार द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मेले की ड्रोन कैमरे से निगरानी की और गंगा घाट पर बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए। श्रृंगीरामपुर जो श्रृंगी ऋषि की तपोस्थली है, में महाशिवरात्रि पर हर साल मेले का आयोजन होता है। इसी तैयारी का जायजा लेने बुधवार को डीएम और एसपी ने मेले स्थल का दौरा किया। जिलाधिकारी ने दुकानदारों एवं श्रद्धालुओं की संख्या और उनकी संभावित समस्याओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि दूसरे राज्यों और जिलों से आने वाले भक्तों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा व्यवस्था के तहत नावों नाविकों और गोताखोरों के नाम व मोबाइल नंबर की सूची तैयार कर सभी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया। साथ ही मेला क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से निगरानी खोया पाया केंद्र और पीए सिस्टम लगाने के निर्देश दिए गए। पीने के पानी के लिए टैंकर, मोबाइल शौचालय घाट तक रास्ते की मरम्मत, घाट पर बैरिकेडिंग और पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। आवागमन के लिए एक ही मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक कमालगंज और अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
महाशिवरात्री पर लगने वाले मेले में श्रृंगीरामपुर में ड्रोन से होगी निगरानी
