कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहली बार मीडिया से मुखातिब हुई नवागत पुलिस अधीक्षक चारु निगम।
समृद्धि न्यूज़ सुल्तानपुर। पदभार संभालने के बाद जिले की नवागत पुलिस अधीक्षक चारु निगम बुधवार को आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान पहली बार मीडिया से मुखातिब हुईं।इस दौरान उन्होंने दो टूक शब्दों में साफ कहा कि किसी भी व्यक्ति को यदि कोई भी समस्या हो तो वह उनसे सीधे मिलकर यह फोन के जरिए बिना किसी डर,दबाव और संकोच के अपनी समस्या बता सकता है।यह तय है कि उसकी समस्या का निष्पक्षता और पारदर्शिता पूर्वक समाधान कराया जाएगा तथा आपराधिक मामलों में सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।पत्रकारों से संवाद स्थापित करते हुए पुलिस-मीडिया समन्वय को प्राथमिकता देने की बात कही। नवागत पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने बताया कि वह वर्ष 2014 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं और प्रशिक्षण अवधि में गोरखपुर व झांसी में सेवाएं देने के साथ ही लखनऊ तथा औरैया जिले में पुलिस अधीक्षक के रूप में नियुक्त रही हैं।
मीडिया के साथ पुलिस के समन्वय को प्राथमिक बताते हुए नवागत पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कहा कि प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में घटित घटनाओं पर मीडिया को अधिकृत बाइट उपलब्ध कराएंगे तथा साथ ही थाने स्तर से भी आवश्यक सूचनाएं समय पर साझा की जाएं,जिससे घटनाओं को लेकर सत्यता और पारदर्शिता स्पष्ट रहे।नगर क्षेत्र में जाम की समस्या पर उन्होंने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े करने वाले वाहन मालिकों को पहले दो दिन की चेतावनी दी जाएगी और फिर उसके बाद नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।अवैध खनन के मामलों पर उन्होंने कहा कि जल्द ही विस्तृत समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।जिले व गैर जनपद के अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखते हुए सख्त कदम उठाने की बात भी उन्होंने दोहराई।पुलिस अधीक्षक चारु निगम ने कहा कि पुलिस और मीडिया के बीच किसी प्रकार की समस्या नहीं होने दी जाएगी,जो भी विषय उनके संज्ञान में आएगा,उसका तत्काल समाधान कराया जाएगा।उन्होंने मीडिया प्रतिनिधियों से अपील किया कि जिले की किसी भी समस्या की जानकारी सीधे उन्हें दें,ताकि शीघ्र निराकरण किया जा सके।
समस्या हो तो,सीधे बताएं, तत्काल होगा समाधान,सख्त से सख्त होगी कार्रवाई-एसपी
