फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता अजय कुमार और कार्यालय सहायक रविन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। प्रबंध निदेशक ने नितीश कुमार ने कंपिल क्षेत्र में हाईटेंशन लाइन निर्माण की टेंडर प्रक्रिया में लापरवाही की शिकायत पर जांच कराई थी। निलंबन के बाद अधीक्षण अभियंता अजय कुमार और लिपिक रविंद्र सिंह को मुख्य अभियंता कार्यालय, बांदा से संबद्ध किया गया है। जांच में दोनों को 15.02 लाख रुपये की वित्तीय अनियमितता का दोषी पाया गया है। कंपिल क्षेत्र में बिजली की हाईटेंशन लाइन निर्माण के टेंडर प्रक्रिया में लापरवाही बरतने की शिकायत प्रबंध निदेशक आगरा से की गई थी। इसमें एमडी ने जांच कमेटी गठित कर रिपोर्ट तलब की थी। जांच में दोषी पाए जाने पर अधीक्षण अभियंता अजय कुमार व कार्यालय सहायक रविन्द्र सिंह को प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार ने निलंबित करते हुए बांदा मुख्य अभियंता कार्यालय से सम्बद्ध कर दिया है। अधीक्षण अभियंता अजय कुमार की जिले में तैनाती 16 नवंबर 2023 को हुई थी। उनके कार्यकाल के दौरान उन पर मनमाने तरीके से काम करने के आरोप लगे। इनमें करीबियों को टेंडर देने, बिरादरीवाद के आधार पर सवर्ण कर्मचारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में और सजातीय कर्मचारियों को शहर में तैनात करने की शिकायतें शामिल हैं। आउटसोर्स कर्मचारियों की छंटनी के दौरान 18 कर्मचारियों की सेवा समाप्त करने में भी पक्षपात की शिकायतें सामने आईं थी।
बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता व लिपिक निलंबित
