उन्नाव, समृद्धि न्यूज। असोहा थाना क्षेत्र में किशोर सूरज की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
मालूम हो कि बीते गुरुवार दोपहर को राधानगरी मजरा दरसवां निवासी मृतक के पिता रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनका बेटा सूरज बुधवार शाम करीब पांच बजे बाजार गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा सुबह ग्रामीणों ने खेत में एक शव पड़े होने की सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।
जांच के दौरान पुलिस ने शुक्रवार को लालाखेड़ा चौराहे के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें राधानगरी मजरा दरसवां थाना असोहा निवासी कल्लू (65 वर्ष) और अरविंद कुमार (27 वर्ष) शामिल हैं। तीसरा आरोपी मोनू (38 वर्ष) मदारीगढ़ी मजरा आशाखेड़ा थाना सोहरामऊ का निवासी है। पूछताछ मे आरोपियों ने बताया कि करीब डेढ़ साल पहले मोनू के 9 वर्षीय बेटे आशीष की पानी में डूबने से मौत हो गई थी। इस मामले में सूरज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। लगभग ढाई महीने पहले सूरज बाल सुधार गृह से जमानत पर छूटकर गांव आया था। आरोप है कि इसके बाद वह आरोपियों को ताना मारता था। इसी पुरानी रंजिश में बदला लेने की नीयत से आरोपियों ने सूरज की हत्या की योजना बनाई।
घटना वाले दिन आरोपियों ने मोटरसाइकिल से सूरज का पीछा किया। वे उसे दरसवां जाने वाले मुख्य मार्ग से गोसाईंखेड़ा के कच्चे रास्ते पर ले गए। वहां उन्होंने सूरज का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को खेत में फेंक दिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। प्रभारी निरीक्षक फूल सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह, अशोक कुमार, कांस्टेबल रोहित कुमार, राहुल कुमार, अमरदीप की टीम ने सर्विलांस टीम के सहयोग से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
