लोहिया प्रांगण में विराट हिंदू सम्मेलन का हुआ आयोजन
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। शहर के लोहिया प्रांगण में रविवार को एक विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता अश्विनी उपाध्याय ने दावा किया कि भारत में परिवारों का धर्मांतरण हो रहा है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति सच जानता है लेकिन उसे बोलने की हिम्मत नहीं रखता वह नकली हिन्दू है। अधिवक्ता उपाध्याय ने अपने संबोधन में संविधान का उल्लेख करते हुए कहा कि इसका पहला पन्ना ही गुलामी के नामों को मिटाने की बात कहता है। उन्होंने देश की आबादी को हिंदू, कन्वर्टेड हिंदू और नकली हिंदू जैसी तीन श्रेणियों में बांटा। यह सम्मेलन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शताब्दी वर्ष समारोह के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के चित्र के समीप दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसमें दुर्वासा ऋषि आश्रम के महंत ईश्वर दास महाराज मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने इसमें भाग लिया। अश्विनी उपाध्याय ने पंडाल में मौजूद लोगों को खड़ा कर जात-पात की करो विदाई, हम सब हिंदू एक हैं का नारा दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि चाहे ब्राह्मण हो या बनिया, ठाकुर हो या आदिवासी हम सभी हिंदू एक हैं। उन्होंने अपनी जनवरी से शुरू हुई यात्रा का जिक्र करते हुए बताया कि यह पांचाल (फर्रुखाबाद) में आकर रुकी है। उन्होंने आह्वान किया कि यह आवाज सुप्रीम कोर्ट, संसद और जनप्रतिनिधियों के घरों तक पहुंचनी चाहिए। उन्होंने शपथ राम की कहते हैं हम सब हिंदू एक हैं, शपथ कृष्ण की कहते हैं हम सब हिंदू एक हैं, का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि देश की लगभग 150 करोड़ की आबादी को जातियों के आधार पर 10,000 जातियों में बांटा जा सकता है। उन्होंने कहा चौथी कोई केटागरी नहीं है। उन्होंने कहा असली हिंदू वह है जो सच बोलता है सच सोचता है और सच लिखता है। उन्होंने कहा मुगलों के समय कुछ लोग हवलदार बनने के लिए कन्वर्टेड हो गए। कुछ थानेदार बनने के लिए बदल गए। उन्होंने फर्रुखाबाद के सांसद और विधायकों पर कटाक्ष किया बोले यह संविधान की शपथ तो लेते रहे लेकिन संविधान के पहले पेज तक को नहीं पढ़ा। जिस पर लिखा है गुलामी का नाम मिटाओ। उन्होंने कहा इसलिए पीआईएल दायर की है। उन्होंने कहा भारत के असली हिंदुओं को नकली हिंदुओं को जगाना है। इस मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
भारत में परिवारों का धर्मांतरण हो रहा है-अश्विनी उपाध्याय
