हंगामे के बीच निरस्त हुई अनुसूचित वस्तु विक्रेता दुकान की बैठक

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। अमृतपुर क्षेत्र के लीलापुर गांव में अनुसूचित वस्तु विक्रेता की दुकान के चयन को लेकर बुलाई गई बैठक हंगामे के बीच निरस्त कर दी गई। बैठक संपन्न कराने के लिए एडीओ (एसवी) मौके पर पहुंचे थे, लेकिन एसवी प्रत्याशी की अनुपस्थिति और आपसी विवाद के कारण प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी।
जानकारी के अनुसार इस दुकान के चयन को लेकर रिया पत्नी सनी और मनीषा पत्नी प्रदीप दो प्रत्याशी मैदान में थीं। बताया गया कि एक प्रत्याशी बीमारी के चलते मौके पर उपस्थित नहीं हो सकी। इसी दौरान दूसरे पक्ष के समर्थक आक्रोशित हो गए और कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुईए जिससे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर पुलिस बल मौजूद नहीं था। यदि समय रहते स्थिति पर काबू न पाया जाता तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अगली बैठक में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए ताकि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से चयन प्रक्रिया पूरी हो सके। एडीओ द्वारा बैठक को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया। अब नई तिथि घोषित किए जाने की संभावना है। मामले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन दुकान का चयन पारदर्शी प्रक्रिया से हो और किसी भी तरह का दबाव या विवाद न हो, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय पर आवश्यक वस्तुएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *