मिर्जापुर: छत्तीसगढ़ से करीब 5 करोड़ का सोना लूटकर कार से दिल्ली भाग रहे बदमाशों की मिर्जापुर में पुलिस से मुठभेड़ हो गई। दो बदमाशों के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने चार बदमाशों को पकड़ लिया। बदमाशों ने 3.678 किलो सोना और व्यापारी की कार लूट ली थी। अहरौरा पुलिस ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सराफा कारोबारी से 3.35 करोड़ की लूट करने वाले चार अंतरराज्यीय बदमाशों को मीरजापुर के सारादह जंगल में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया।
पुलिस ने लूटी गई कार, सोना, नकदी और हथियार बरामद किए। मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 17 फरवरी की रात तमंचे की नोक पर वसंत विहार स्थित महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी को रास्ते में चार बदमाशों ने रोक लिया। उनकी कार के सामने बदमाशों ने गाड़ी लगा दी। संतोष तिवारी ने विरोध किया तो उनके सिर पर हथौड़े और पिस्टल से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश संतोष तिवारी की गाड़ी और उसमें रखा सोना लेकर फरार हो गए थे। बदमाश मिर्जापुर की रास्ते दिल्ली जा रहे थे।
गुरुवार तडक़े अहरौरा इलाके में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीमाओं पर घेराबंदी शुरू कर दी थी। सोनभद्र बार्डर के पास पुलिस को लूट की सूचना मिली। अहरौरा पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने भागने की कोशिश की, जिसके परिणामस्वरूप मुठभेड़ हुई।
पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मिर्जापुर पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने प्रेस वार्ता कर बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने इनपुट दिया था, जिस पर मिर्जापुर पुलिस 4 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट का 31678 किलो सोना, 146000 नगद, दो तमंचा, एक देशी पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और खोखा बरामद किया गया है, बरामद सोने की कीमत 5 करोड रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद उर्फ बीनू मध्य प्रदेश के अनूपपुर व करीम खान उत्तर प्रदेश के बरेली और विजय लम्बा नई दिल्ली में जगतपुरी, तीसरा गिरफ्तार आरोपी मोनू उर्फ राहुल गौतम बुद्ध नगर का निवासी है। विजय पर 67 मुकदमे, मोनू उर्फ राहुल पर बुलंदशहर और गौतमबुध नगर में 11 मुकदमे दर्ज हैं।
