फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। मऊदरवाजा थाना क्षेत्र में देर रात एक अनियंत्रित कार बिजली के खंभों से टकरा गई। इस दुर्घटना में अलीगढ़ से शादी समारोह में आ रहे दो युवक मामूली रूप से घायल हो गए। टक्कर के कारण बिजली के खंभे और ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हो गए। जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
घायलों की पहचान अलीगढ़ के दादो थाना क्षेत्र के रामनगर निवासी विक्रम कुमार 21 पुत्र नीरज कुमार और योगेश कुमार 22 पुत्र राजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। ये दोनों कार से अलीगढ़ से मऊदरवाजा थाना क्षेत्र के बीबीगंज चौकी अंतर्गत सुमन गार्डन नेकपुर खुर्द में एक शादी समारोह में जा रहे थे। यह दुर्घटना अर्रा पहाड़पुर सब्जी मंडी के सामने हुई। सूचना मिलते ही बीबीगंज चौकी पुलिस के कांस्टेबिल सौरभ और नितिन कुमार मौके पर पहुंचे। घायलों को तत्काल एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। कार के बिजली के खंभों से टकराने के कारण जसमई फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इस घटना में कई बिजली के खंभे और एक ट्रांसफॉर्मर टूटकर गिर गए। जिससे शहर के एक बड़े हिस्से में कई घंटों तक बिजली गुल रही। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। मऊदरवाजा थाना प्रभारी अजब सिंह ने बताया कि देर रात हुई इस दुर्घटना में कार बिजली के खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई थी और दोनों व्यक्तियों को हल्की चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि यदि बिजली विभाग की ओर से तहरीर मिलती हैए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। बिजली विभाग के अवर अभियंता मासूम अली ने बताया कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि लगभग एक घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
अनियंत्रित कार बिजली खंभों से टकराई, दो घायल, बिजली आपूर्ति बाधित
