इंटर अंग्रेजी की परीक्षा देकर बाइक से लौट रहे थे तीनों
कायमगंज, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद थाना क्षेत्र के गांव मुरैठी निवासी प्रियांशु उम्र 18 वर्षीय पुत्र राजकुमार व शमसाबाद के मोहल्ला टीला निवासी अमर सिंह का 19 वर्षीय पुत्र सचिन तथा मोहल्ला बाग शमसाबाद निवासी राजीव शाक्य का पुत्र सूरज शमसाबाद के ही श्री श्याम लाल राजपूत स्मारक शिक्षण संस्थान में इंटर के छात्र थे। शुक्रवार को इंटर के अंग्रेजी विषय का पेपर था। वह कंपिल थाना क्षेत्र के गांव रसीदाबाद तिवारियान में जनता इंटर कॉलेज में अंग्रेजी का पेपर देकर वापस से बाइक से लौट रहे थे। जैसे ही वह कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर गांव रुटौल से आगे निकले ही थे, इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से भिड़न्त हो गई। दुर्घटना के बाद प्रियांशु सचिन व सूरज तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस के द्वारा तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज में भर्ती कराया गया। जहां प्रियांशु को देखते ही डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया, जबकि सचिन व सूरज को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाते ही कस्बा चौकी इन्चार्ज सोमवीर सिंह, कांस्टेबिल विजय गूर्जर, कांस्टेबिल सचिन, कांस्टेबिल धर्मेन्द्र तिवारी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र्र में पहुँचकर जाँच पड़ताल कर मृतक के शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक प्रियांशु चार बहनों का इकलौता भाई था। सूचना पर पहुंची मां सुनीता देवी व बहनों एवं अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां सुनीता देवी ने रुंधे गले से बताया कि प्रियांशु पढऩे में बहुत तेज था। बहन नीरू ने बताया कि प्रियांशु आर्मी में भर्ती होना चाहता था, लेकिन यह सपना अधूरा ही रह गया।
बाइकों की भिड़ंत में छात्र की मौत, दो साथी छात्र घायल
