समृद्धि न्यूज। भारत-पाकिस्तान सीमा से सटे आदियां चेक पोस्ट पर दो पुलिसकर्मियों के शव मिलने से पूरे इलाके हडक़ंप मच गया। दोनों पुलिसकर्मी चेक पोस्ट पर ही ड्यूटी दे रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, अभी तक मौत की बजह साफ नहीं हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पाकिस्तान बॉर्डर के करीब होने की वजह से यह मामला काफी संवेदनशील बन गया है। दोरांगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदिया गांव की पुलिस चौकी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों की गोली लगने से मौत हो गई। मारे गए पुलिसकर्मियों की पहचान गुरनाम सिंह और होम गार्ड जवान अशोक कुमार के रूप में हुई है। गुरदासपुर के एसएसपी आदित्य ने बताया कि सुबह जब दोरांगला थाने के एसएचओ बनारसी दास ने चौकी पर फोन किया, तो किसी ने जवाब नहीं दिया। इसके बाद उन्होंने एक स्थानीय ग्रामीण को वहां भेजा, जिसने चौकी के अंदर एक कमरे में दोनों पुलिसकर्मियों के शव खून से लथपथ पड़े देखे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फिलहाल इस बात की जांच की जा रही है कि आखिर किन परिस्थितियों में यह घटना घटी। स्थानीय पुलिस ने इलाके को घेर लिया और फोरेंसिक टीम भी जांच कर रही है।
पंजाब: गुरदासपुर में भारत-पाक सीमा पर दो पुलिसकर्मी के मिले शव
