मंगरमू रोड की झाड़ियों में चाकुओं से गोदकर उतारा मौत के घाट
जौनपुर, समृद्धि न्यूज। रविवार दोपहर 25 वर्षीय युवक की सीने और पेट में कई वार कर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बरसठी थाना क्षेत्र निवासी राजेश शुक्ला का 25 वर्षीय पुत्र शिवम शुक्ला रविवार दोपहर गांव के प्राइमरी स्कूल की बाउंड्री के पास बैठा था, तभी कुछ लोग उसे बहला-फुसलाकर मंगरमू रोड स्थित उसके घर से करीब 500 मीटर दूर झाड़ियों की आड़ में ले गए। आरोप है कि वहां पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उस पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शिवम किसी तरह जान बचाकर घर की ओर भागा, लेकिन कुछ ही दूरी पर लहूलुहान होकर सड़क किनारे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना का कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने नहीं आया है। बताया जा रहा है कि शिवम चार भाइयों और तीन बहनों में तीसरे नंबर पर था। उसकी अभी शादी नहीं हुई थी। वह परिवार का सबसे जिम्मेदार सदस्य माना जाता था और घर पर ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की बहन ज्योति और मां ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम महेंद्र कुमार और उसके परिजन घर पर आए थे और जान से मारने की धमकी दी थी। बताया जा रहा है कि शिवम का महेंद्र कुमार की बेटी से बातचीत होती थी। इस बात की जानकारी होने पर लड़की के परिजनों ने आपत्ति जताई और कथित रूप से धमकी दी कि “तुम्हारे लड़के को मार देंगे।” परिजनों का आरोप है कि रविवार को शिवम को बुलाकर घर से थोड़ी दूर ले जाया गया और दिनदहाड़े सीने और पेट में कई बार चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी गई। जहां वारदात को अंजाम दिया गया, वहां से पुलिस को शराब और पानी की बोतलें तथा चाकू की टूटी हुई मुठिया बरामद हुई है, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस संदिग्ध आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। शक के आधार पर एक संदिग्ध युवक के घर भी पुलिस ने दबिश दी। आरोप है कि तलाशी के दौरान उसके कपड़ों पर खून के निशान पाए गए, हालांकि वह घर पर नहीं मिला। पुलिस ने परिजनों से उसे तत्काल पेश करने को कहा है।
