समृद्धि न्यूज। गोंडा में नौ बीघा भूमि के विवाद में दत्तनगर के सुदई पुरवा गांव के रहने वाले व उच्च न्यायालय के अधिवक्ता सुभाष चंद्र मिश्र की हत्या कर दी गई। मारपीट में मृतक का बेटा व भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने मृतक के सगे भाई समेत अन्य आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा किया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार गोंडा के दत्तनगरए मजरे सुदई पुरवा निवासी सुभाष मिश्रा वर्तमान में लखनऊ में रहते थे। उनका छोटे भाई अरुण कुमार और पूर्व ग्राम प्रधान हरिशरण से नौ बीघा भूमि को लेकर तीन साल से विवाद चल रहा था। इस बीच फैसला पक्ष में आने पर रविवार सुबह सुभाष ट्रैक्टर लेकर विवादित भूमि की जोताई करने लगे। इस पर दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए और लोहे की रॉड व लाठी डंडे से उनपर हमला कर दिया। हमले में अधिवक्ता, उनके भतीजे आकाश, विश्वास व अभय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी ले जाया गया, जहां से सुभाष, आकाश और विश्वास को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान सुभाष मिश्रा ने दम तोड़ दिया। सुभाष के भतीजे विश्वास की तहरीर पर अधिवक्ता के छोटे भाई अरुण कुमार मिश्रा, पूर्व ग्राम प्रधान हरिशरण मिश्रा, रामकेवल व संतोष कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय के अनुसार अरुण कुमार मिश्रा, हरिशरण मिश्रा, राम केवल मिश्रा और संतोष मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।
नौ बीघा जमीन के लिए हाईकोर्ट के अधिवक्ता की हत्या
