जिला अधिकारी ने ट्रैक्टर से किया बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, गौशाला भी देखी

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। जिला अधिकारी संजय कुमार सिंह अमृतपुर तहसील क्षेत्र के गांव कंचनपुर सबलपुर पहुंचे। जहां बाढ़ का पानी भरा होने की वजह से डीएम ने ट्रैक्टर पर बैठकर गौशाला का निरीक्षण किया। गौशाला में बाढ़ का पानी पहुंचने से जिलाधिकारी ने काफी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने शीघ्र ही सभी गौवंश को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु चिकित्सा अधिकारी को सख्त निर्देश दिए सभी गौवंश का डॉक्टरी परीक्षण करें यदि किसी गोवंश को कोई दिक्कत है तो उसे उचित इलाज दें। अमृतपुर पशु चिकित्सा अधिकारी डा0 पूरन चंद ने मौके पर ही सभी पशुओं का डॉक्टरी परीक्षण करना शुरू कर दिया। उसके बाद डीएम संजय कुमार सिंह एवं अपर जिलाधिकारी सुभाष चंद प्रजापति ने अमृतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम अलादपुर भटौली में पहुंचकर बाढ़ से हो रहे कटान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने एसडीएम अमृतपुर गजराज सिंह से विगत वर्ष कटान से कटे ग्रामीणों के आवास हेतु पट्टे व अन्य सरकारी सहायता की जानकारी की। एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति ने ग्रामीणों से कोटेदार के द्वारा राशन दिए जाने के संबंध में जब जानकारी की तो ग्रामीणों ने बताया कि अंगूठा लगा लिया है। अभी राशन नहीं दिया। जिस पर डीएम व एडीएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए। इस मौके पर तहसीलदार कर्मवीर सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक संत प्रकाश पटेल सहित कई अन्य राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *