



कमालगंज, समृद्धि न्यूज। फूड प्वाइजनिंग से एक ही परिवार के चार लोगों की हालत बिगड़ गई। सूचना पर पहुंचे बड़े पुत्र ने एंबुलेंस की मदद से सीएचसी में भर्ती कराया। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के गांव कतरोली पट्टी निवासी कमलेश पुत्र केदार नाथ शर्मा ने अपने परिवार के साथ में बीती शाम खाना खाया था। जिसके बाद फूड प्वाइजनिंग होने पर सभी लोग रात भर बेहोशी की हालत में पड़े रहे। सुबह जब घर से किसी के न निकलने पर पड़ोसियों ने आवाज लगायी। ग्रामीणों ने घर के अंदर घुसकर देखा तो सभी लोग बेहोशी की अवस्था में लेटे थे। कमलेश का बड़ा पुत्र कौशलेन्द्र अल्लाहगंज मंडी में किसी काम से गया था। ग्रामीणों ने इसकी सूचना कौशलेन्द्र को दी। आनन-फानन में कौशलेन्द्र घर आया और परिजनों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां कमलेश के छोटे पुत्र चन्द्रकांत ने बताया कि हम लोगों ने शाम को दाल चावल और आलू की सब्जी खायी थी। उसके बाद पता नहीं क्या हुआ। चन्द्रकांत ने बताया कि फूड प्वाइजनिंग से मैं व पिता कमलेश, मां रेशमा देवी, कुलदीप सभी अचेत हो गये। बड़े भाई कौशलेन्द्र ने घर आकर सीएचसी में भर्ती कराया। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
