शमशाबाद क्षेत्र की गंगा कटरी के आधा दर्जन गांव बाढ़ की चपेट में, सडक़ों पर 3 फुट तक पानी

शमसाबाद, समृद्धि न्यूज। शमशाबाद क्षेत्र की गंगा कटरी के आधा दर्जन से अधिक गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जिससे ग्रामीणो ंकी रातों की नींद उड़ गयी है। वहीं सडक़ पर तीन फिट तक पानी भरने से आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। कहीं-कहीं गांव के रास्ते ही कट गए हैं। जिससे आम लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नाव के अभाव में लोग जान की बाजी लगाकर आवागमन करने को मजबूर हैं। कटरी क्षेत्र में स्थित प्राथमिक विद्यालय गंगलई जिसमे बाढ़ का पानी भर गया है। परिणामस्वरुप पंचायत घर में शिक्षक छात्रों को पढ़ाने के लिए मजबूर हैं। उक्त विद्यालय में पंजीकृत छात्रों की संख्या 93 है, जबकि मौके पर ढाई दर्जन छात्र उपस्थित थे। इंचार्ज प्रधानाध्यापक जगेंद्र सिंह, सहायक अध्यापक सुनील कुमार, शिक्षामित्र सविता वर्मा मौजूद थी। उधर बाढ़ के पानी में जलमग्न हुए विद्यालय के अंदर रसोईया द्वारा मध्याह्न भोजन बनाया जा रहा था। बर्तनों को धोने के लिए बाढ़ का पानी उपयोग किया जा रहा था। इंचार्ज प्रधानाध्यापक जगेंद्र सिंह ने बताया विद्यालय में बाढ़ का पानी भर जाने तथा पंचायत घर में छात्रों को पढ़ाने की सूचना ब्लाक संसाधन केंद्र्र शमशाबाद को दे दी गई। ग्रामीण राजेंद्र सिंह, रामबाबू, मोनू, सेवाराम तथा लक्ष्मण के आशियाने जलमग्न हो गए। यहां ग्रामीणों को बैल गाडिय़ों में खाना बनाते हुए देखा गया। लोगों का कहना था बाढ़ जैसी त्रासदी का उन्हें हर वर्ष सामना करना पड़ता है। प्राथमिक विद्यालय गंगलई के अलावा प्राथमिक विद्यालय नगला बसोला, जमुनिया नगला, भगवानपुर तथा समोचीपुर सहित सभी विद्यालय जलभराव का शिकार हो गए हैं। गंगा कटरी क्षेत्र के गांव भगवानपुर से मुंशी नगला जाने वाला मार्ग भी पानी के तेज बहाव में कट गया। यहां के ग्रामीणों ने आवागमन के लिए प्रशासन से नाव उपलब्ध कराए जाने की मांग की। बताया गया है उक्त मार्ग पर लगभग 3 फिट तक पानी का तेज बहाव हो गया है। बांसखेड़ा, समोचीपुर चितार, भगवानपुर के अलावा नगला बसोला के संपर्क मार्गो पर पानी के तेज बहाव के चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। आवश्यकता के अनुरूप आवागमन करने वाले लोगों को डर है कहीं बहाव किसी की मौत का कारण न बन जाए। ग्रामीणों की मानें तो बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे ग्रामीणों ने प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही पर दुख जताते हुए कहा पिछले कई दिनों से इस क्षेत्र के ग्रामीण बाढ़ की समस्याओ से जूझ रहे हैं। वहीं प्रशासनिक अधिकारी कर्मचारी मूक बनकर बर्बादी का नजारा देख रहे हैं। बताते हैं शमसाबाद-शाहजहॉपुर मार्ग पर ग्राम चौरा के निकट बाढ़ के पानी का तेज बहाव जारी है। जिसके चलते लोगों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है पानी के तेज बहाव में आना जाना खतरे से खाली नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *