लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर ने अमृतपुर क्षेत्र में मचाई तबाही

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। तहसील क्षेत्र के सैकड़ों गांव गंगा के बढ़ते जलस्तर की वजह से जलमग्न हो गए। जिसकी वजह से ग्रामीणों का आवागमन बाधित हो गया। कई गांव तो ऐसे हैं जिनके संपर्क मार्ग पानी में बह गए। कुडऱी सारंगपुर में तेज बहाव की वजह से संपर्क मार्ग कट गया। जिसको बचाने के लिए प्रधान अतर सिंह अपने समर्थकों के साथ मिट्टी पत्थर डालकर उसे बचाने का प्रयास किया। वहीं ग्राम फखरपुर के पास बनी पुलिया के आसपास रोड कटने की वजह से वाहनों को निकलने में काफी दिक्कत होती है। प्रधान शिव दत्त तिवारी ने बताया है कि यदि पानी ऐसे ही बढ़ता रहा तो आवागमन बंद हो जाएगा। प्रधान शिव दत्त तिवारी का कहना है बढ़ते जलस्तर की वजह से किसानों की गन्ने की फसलें नष्ट हो जाएंगी। किसान बर्बादी की कगार पर पहुंच जाएगा। ग्राम बनारसीपुर में बाढ़ के पानी ने गांव को चारों तरफ से घेर लिया। जिससे वहां के ग्रामीणों को पशुओं को चारा तक खिलाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यहीं के निवासी छोटेलाल का कहना है पूरे घर के अंदर तक पानी भरा है। अभी तक कोई भी अधिकारी हमारी समस्या को देखने व सुनने नहीं आयाय धीरेंद्र सिंह बताते हैं कि घर में खाना बनाने तक में दिक्कत हो रही है। ऐसे में ना तो खुद ही खाना मिल पाता है ना ही पशुओं को ठीक से चारा मिल पाता है। अमृतपुर तहसील क्षेत्र के गांव खुशहाली नगला, पंचम नगला, धानी नगला, कालिका नगला, हमीरपुर, माखन नगरा, गढिय़ा किराचन, बलीपट्टी रानी गांव, तौफिक, आशमपुर, करनपुर घाट, मंझा सहित तहसील क्षेत्र के सैकड़ों गांव जलमग्न हैं। जिसकी वजह से हजारों बीघा मक्का व मूंगफली की फसलें पानी में खड़ी बर्बाद हो रही हैं। जिससे किसानों को आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ेगा। ग्राम कलक्टरगंज में बाढ़ के पानी की वजह से ग्रामीणों को वोट तक पहुंचने में कमर से ऊपर पानी में उतर कर जाना पड़ रहा है। ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर दैनिक उपयोग की वस्तुओं को लेने जाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *