
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। नगर पंचायत मोहम्मदाबाद में नगर पंचायत चेयरमैन के समर्थकों द्वारा कुछ सफाई कर्मचारियों के साथ दबाव बनाकर काम कराया जा रहा था। उनके साथ अभद्रता व जातिसूचक गालियां दे रहे थे। इसी के विरोध में बीते दिन सभी कर्मचारियों ने कार्य का बहिष्कार किया था। जिसकी सूचना स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष नीरज कुमार को दी। उन्होंने तत्काल प्रभाव से प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र सफाई कर्मचारियों के साथ जाकर दिया।
बुधवार को अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत मोहम्मदाबाद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक व स्थानीय निकाय सफाई मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष नीरज कुमार वाल्मीकि व कर्मचारियों के बीच में समझौता वार्ता हुई। नीरज कुमार ने कोतवाली प्रभारी मोहम्मदाबाद को शिकायती पत्र देते हुए कहा कि दोषी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। जिससे दोबारा में किसी भी सफाई कर्मचारी के साथ इस प्रकार की घटना न हो सके। अधिशासी अधिकारी को सफाई कर्मचारियों की मांगों से अवगत कराया गया। जिस पर अधिशासी अधिकारी ने संघ को आश्वासन दिया की सभी सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों का समाधान किया जाएगा। नगर पंचायत के सफाई कर्मचारियों ने बैठक की। बैठक में सर्वसम्मति से सुशीला देवी को शाखा मोहम्मदाबाद का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी कर्मचारियों ने संविधान निर्माता डॉक्टर बी0आर0 अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा सुशीला देवी का फूलमाला से स्वागत किया। सभी कर्मचारियों ने जिलाध्यक्ष नीरज कुमार वाल्मीकि का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
