
नया गांव हुसैनपुर हड़ाई में सडक़ों व गलियों में लगा गंदगी का अम्बार
ग्रामीण किसी न किसी बीमारी से रहते है ग्रसित
(प्रशांत अवस्थी)
अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। एक तरफ जहां केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार सभी गांव को साफ स्वच्छ रखने का दावा करती है तो वहीं अमृतपुर तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत नयागांव हुसैनपुर हड़ाई इन दावो की पोल खोलती हुई दिखाई पड़ रही है। इस गांव में सर्वाधिक सडक़े ऐसी है जिन पर व्यक्ति को पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। अधिकांश गलियों में कीचड़ भरा हुआ दिखाई पड़ रहा है और कुछ में गंदगी के अंबार लगे हुए हैं, जो कि बीमारी को दावत दे रहे हैं। यहां के ग्रामीण आए दिन किसी न किसी बीमारी से ग्रसित रहते हैं। कारण यही है कि समय से ग्राम पंचायत की सफाई ना हो पाना, वहीं दूसरी तरफ सरकार द्वारा पेयजल की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पानी की टंकी का निर्माण कराया गया। जिससे कि गांव की सभी सडक़ गड्ढा युक्त हो गई, जो कि कार्यदायी संस्था द्वारा अभी तक सही नहीं कराई गई और ना ही यहां के धर्मसिंह की पुत्रवधू प्रधान सरला देवी के द्वारा गांव की सडक़ों को सही कराया गया। इस ग्राम पंचायत के बच्चों को स्कूल तक जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि यहां सफाई कर्मचारी रानी पत्नी राम प्रताप की नियुक्ति है जो की 6 महीने में एक बार नजर आती है। अगर उनके द्वारा ग्राम पंचायत की सफाई की जाए तो हो सकता है इतनी गंदगी ना हो। ग्राम पंचायत नयागांव के मजरा हड़ाई के ग्रामीण बुजुर्ग मदनपाल का कहना है कि यहां की प्रधान सरला देवी यहां पर किसी भी प्रकार का कोई विकास कार्य नहीं करा रही है। सभी सडक़ टूटी हुई पड़ी हंै। जिन पर निकलने के लिए भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस संदर्भ में जब समृद्धि न्यूज़ की टीम ने विकासखंड अधिकारी कौशल किशोर गुप्ता एवं एडीओ पंचायत अजीत पाठक से दूरभाष पर बात की तो अधिकारियों ने कहा वहां की जो भी समस्याएं हैं उनका जल्दी संज्ञान लेकर निराकरण कराया जाएगा।
