पकड़े जाने पर लगेगा एक लाख रुपये का जुर्माना
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। बिना मान्यता के चल रहे स्कूलों के खिलाफ सरकार ने शिकंजा कसने का निर्णय लिया है। जांच में पकड़े जाने पर ऐसे स्कूलों के खिलाफ एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया जायेगा। साथ ही स्कूल में तालाबंदी भी सरकार करेगी।
माध्यमिक शिक्षा निदेशक डा0 महेन्द्र देव ने प्रदेश के सभी बेसिक शिक्षाधिकारी एवं जिला विद्यालय निरीक्षकों को इस संबंध में सख्त निर्देश दिये है कि वह ऐसे स्कूलों की जांच कर पता लगाये और उसकी सूचना शासन को भेजे। तमाम ऐसे स्कूल भी है, जिन्हे विभिन्न विषयों एवं वर्गो की मान्यता नहीं है। वह पढ़ाई तो अपने स्कूल में करवाते है और बोर्ड के फार्म दूसरे स्कूलों से प्राइवेट भरवाते है।सरकार द्वारा बिना मान्यता के चलते हुए स्कूलों पर कार्यवाही करने के बाद भी ये चोरी छिपे स्कूल का संचालन करते है तो प्रतिदिन १० हजार रुपये के हिसाब से अर्थदंड वसूला जायेगा। योगी सरकार विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर पूरी तरह सर्तक है और बिना मान्यता चलने वाले स्कूलों को विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति खिलवाड़ नहीं करने देगी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार बेसिक शिक्षा विभाग तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बिला मान्यता के चलने वाले फर्जी स्कूलों की जांच करने की तैयारी कर ली है और ऐसे स्कूलों के खिलाफ छापे डाले जायेंगे।
