किसान हिंद का दाता है फिर भी लूटा जाता है

अमृतपुर, समृद्धि न्यूज। तहसील प्रांगण में भारतीय किसान यूनियन भानू गुट के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सोमवंशी व प्रदेश महासचिव संजय सोमवंशी के नेतृत्व में जनपद के हजारों किसानों ने सैकड़ों ट्रैक्टर व बैलगाड़ी के साथ तहसील प्रांगण में पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को तहसील में बुलाने के लिए एल0आई0यू0 व उप जिला अधिकारी अमृतपुर रविंद्र सिंह से मांग की। उप जिलाधिकारी ने लगभग सभी विभागों के अधिकारियों को पहले ही तहसील प्रांगण में बुला लिया था। सभी किसानों ने तहसील प्रांगण में किसान पंचायत शुरू की।
प्रदेश महासचिव संजय सोमवंशी ने किसानों से आह्वान किया कि आप सब लोग अपनी समस्या के लिए अपने घरों से निकालकर बाहर आएं। आपका काम अधिकारियों से कराने का मेरा काम है। अगर किसी भी अधिकारी ने आपकी बात को नहीं सुना तो वह जनपद में नहीं रहेगा। प्रदेश महासचिव अनुराग अग्रवाल ने कहा कि जनपद में जो सबसे गरीब किसान हंै जो अपने बच्चों को पढ़ाई लिखाई के लिए पुस्तकों का इंतजाम नहीं कर पा रहे हैं वह हमारे प्रतिष्ठान अग्रवाल बुक डिपो पर आकर पुस्तक फ्री में प्राप्त कर सकते हैं। जिला उपाध्यक्ष रक्षपाल ने कहा देश में 80 प्रतिशत किसान बहुत दुखी हैं। किसानों की फसलों का मूल्य किसान खुद नहीं तय कर पाता है। किसानों की केंद्र सरकार से मांग है कि वह किसान आयोग गठित कर दें। छन्नू सिंह पूर्व प्रधान मुडिगांव ने भी किसानों के हित की बात प्रशासन के समक्ष रखी। इसके बाद किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सोमवंशी ने सभी विभागों के अधिकारियों को बारी-बारी से किसानों के समक्ष बुलाकर अपने द्वारा किए गए सवालों के जवाब मांगे। जिस पर अधिकारियों ने अपने-अपने जवाब दिये। जिलाध्यक्ष ने कहा कि सैलाब में खराब हुए रोड अभी तक नहीं सही किये गये। जिस पर पीडब्लूृडी विभाग ने कहा कि एस्टीमेट बनाकर भेज दिया गया है जल्द से जल्द कार्य शुरू हो जाएगा। इसके साथ जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र बनने में काफी समय लग रहा है। जिस पर खण्ड विकास अधिकारी कौशल किशोर गुप्ता ने कहा मैं जल्द सभी सचिवों को निर्देशित करूंगा कि वह मृत्यु बाद जन्म प्रमाण पत्र व परिवार रजिस्टर की नकल बनाने में तेजी लाएं जिससे किसी को भी समस्या ना हो और। इसके साथ ही कहा गया कि पूरे क्षेत्र में सैलाब के कारण डेंगू मलेरिया व अन्य गंभीर बीमारी फैली हैं। जिस पर आरिफ सिद्दीकी ने कहा कि हमारे पास पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र व एक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र है सभी केंदो पर पर्याप्त दवाइयां है। जो निरंतर मरीज को उपलब्ध कराई जा रही है किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने दी जाएगी आदि सहित कई सवाल जवाब किये। भानु गुट के जिला अध्यक्ष नरेंद्र सोमवंशी ने उप जिला अधिकारी अमृतपुर से निवेदन किया कि किसानों की मेड बंदी, दाखिल खारिज, विरासत आदि में लेखपाल राजस्व निरीक्षक घूस लेने का काम करते हैं जो बिल्कुल गलत है। उप जिला अधिकारी ने आश्वासन दिया कि यदि ऐसा कोई भी कर्मचारी कार्यकर्ता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। इसके बाद सभी किसान नेताओं ने उप जिला अधिकारी अमृतपुर रविंद्र सिंह को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पशु चिकित्सक डॉक्टर पूरनचंद आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *