अनशन पर बैठी विधवा के पुत्र को उठा ले गयी पुलिस

महिला ने किया जमकर हंगामा, पुलिस के हाथपांव फूले
आनन-फानन में पुत्र को छोड़ा और ली तहरीर
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। जमीनी विवाद में मुकदमा दर्ज न होने पर विधवा अपने पुत्र के साथ कलेक्ट्रेट परिसर में आमरण अनशन पर बैठ गयी। जब इसकी भनक पुलिस को लगी, तो फतेहगढ़ कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक यह कहकर उसके पुत्र अंशुल को अपने साथ ले गये कि मैं आपकी मुलाकात पुलिस अधीक्षक से करवा दूंगा और तुम अपनी सारी बात उन्हें बता देना, लेकिन उप निरीक्षक उन्हें पुलिस अधीक्षक के पास न ले जाकर उन्हें कोतवाली में ले जाकर बंद कर दिया और उसका मोबाइल स्वीच ऑफ करवा दिया। जब इसकी जानकारी महिला को हुई, तो वह जिलाधिकारी कार्यालय के अंदर जाकर रोने चिल्लाने लगी और आत्महत्या का प्रयास करने लगी। हालांकि महिला को शांत कराने का अधिकारियों ने काफी प्रयास किया और उसके बाद पुलिस महिला के पुत्र अंशुल को महिला के पास लेकर आयी। पुलिस ने अंशुल से एक लिखित तहरीर ली और मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन दिया। बताते चलें कि रानी दुबे पत्नी स्व0 नीरज दुबे निवासी ग्राम बिजाधरपुर थाना कोतवाली फतेहगढ़ ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कहा कि गांव में ही स्थित कृषि भूमि पर उसके पति व उनके भाई अनिल दुबे पुत्रगण प्रेमचंद्र दुबे मालिक काबिज व अध्यासीन थे। अनिल दुबे की मृत्यु के बाद उनकी पत्नी मीरा दुबे व उनके पुत्र नितिन व रोहित दुबे उनके विधिक वारिस हुए। पीडि़ता के पति नीरज दुबे की मृत्यु के बाद उनका पुत्र अंशुल दुबे व पत्नी रानी दुबे मालिक काबिज हुए। अनिल दुबे ने अपने जीवनकाल में अपने अंश १/२ भूमि के कई बैनामे किये। जिसमें कई बैनामों का दाखिल खारिज हुआ तथा कुछ बैनामों का दाखिल खारिज होना शेष है और अनिल दुबे के अंश से कुछ बैनामे रोहित व नितिन व मीरा देवी द्वारा किये गये। जिसके अनुसार उनके द्वारा किये गये विक्रय पत्रों मौके पर प्लाटिंग के रुप में भूमि को बिक्री किये जाने के उपरांत कुछ शेष अंश पर विक्रय किये गये बैनामे वाले व्यक्तियों को निकास हेतु रास्ता भी दिया गया। जिसके अनुसार अनिल व उनके वारिसों के पास अब कोई भी भूमि शेष नहीं बची है। पीडि़ता का कहना है कि उसके पति की मृत्यु २०.०४.२०२३ को हो गयी थी। जिसका लाभ उठाकर मीरा देवी, रोहित व नितिन प्रार्थिनी के शेष अंश पर जबरिया कब्जा कर लेना चाहते हैं। उपरोक्त लोगों ने फर्जी तरीके से डॉ0 मनोज कनौजिया पुत्र स्व0 बाबूराम कनौजिया निवासी लोको रोड थाना कोतवाली फतेहगढ़ जनपद फर्रुखाबाद के हक में प्रार्थिनी की भूमि को बिक्री कर दिया। जिसको लेकर प्रार्थिनी बहुत परेशान है। पीडि़ता ने पुलिस अधीक्षक से उपरोक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *