सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी व थानाध्यक्ष मौके पर पहुंचकर की जांच
थानाध्यक्ष बोले अराजकतत्वों के खिलाफ दर्ज किया जायेगा मुकदमा
राजेपुर, समृद्धि न्यूज। अराजकतत्वों नें बाबा साहेब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर व गौतम बुद्ध की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। जानकारी होने पर मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गये और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पंहुची और जाँच पड़ताल की।

जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम उजराऊ में साल 1995 में सार्वजनिक चंदे की धनराशि से खलियान की भूमि पर डॉ0 भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापित की गयीं थी। बीती रात 12.30 बजे ग्रामीणों ने देखा की एक बाइक पर सवार होकर दो युवक आये और उन्होंने ईंट से गौतम बुद्ध व बाबा साहेब की मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया। होहल्ला होने पर आरोपी बाइक सवार शेराखार की तरफ फरार हो गये। जानकारी होने पर सीओ प्रदीप कुमार, थानाध्यक्ष कामिल खान, तहसीलदार कर्मवीर सिंह, लेखपाल उत्कर्ष दुबे आदि मौके पर पहुंचे। ग्रामीण श्रीपाल ने पुलिस को दी गयी तहरीर में कहा कि एक बाइक पर सवार होकर दो लोग आये और प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर फरार हो गये। थानाध्यक्ष कामिल खान ने बताया कि तहरीर मिल गयी है। मुकदमा दर्ज किया जायेगा।

