इग्नू अपर निदेशक ने डीएन कालेज का किया निरीक्षण
फर्रुखाबाद, समृद्धि न्यूज। इग्नू के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ अपर निदेशक डा0 अनिल मिश्रा ने डीएन कालेज स्थित अध्ययन केंद्र का निरीक्षण किया। छात्र-छात्राओं से बात करते हुए डा0 अनिल कुमार मिश्रा ने बताया कि इग्नू के क्षेत्रीय केंद्र लखनऊ ने पिछले लगभग ३६ वर्षों में अभूतपूर्व प्रगति की है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा प्रणाली के माध्यम द्वारा ३०० से अधिक पाठ्यक्रम इग्नू द्वारा संचालित किये जा रहे है। इनमें परास्नातक डिग्री, परास्नातक डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट कोर्स सम्मलित है। इग्नू केंद्र २७२९ डीएन कालेज फतेहगढ़ पर हिन्दी, अंगे्रजी, लोक प्रकाशन, ग्रामीण विकास, अर्थशास्त्र एवं समाज शास्त्र में एमए, एम कॉम, एमएसडब्लू, बीए, बी-कॉम, बीबीए, बीएसडब्ल्यू, ग्रामीण विकास एवं आपदा प्रबंधन में स्नातकोत्तर डिप्लोमा, भोजन एवं पोषण प्रमाण पत्र तथा प्राथमिक विद्यालय गणित शिक्षण में प्रमाण पत्र कार्यक्रम उपलब्ध है। इग्नू की प्रवेश नीति जब चाहों तब प्रवेश पाओ के अन्तर्गत दो प्रवेश सत्रों जनवरी एवं जुलाई सत्र के अन्तर्गत छात्र वर्ग में कभी भी प्रवेश हेतु आवेदन कर सकते है।
आयु सीमा कोई निर्धारित नहीं है। परीक्षा किसी भी जिले जहां इग्नू केंद्र बनाया गया हो, वहां दी जा सकती है। इग्नू के 300 से अधिक कार्यक्रमों के लिए जनवरी सत्र की प्रवेश प्रक्रिया चल रही है। फार्म की अंतिम तिथि १० मार्च है। इग्नू का प्रयास है हर पुरुष, महिला शिक्षा से जुड़े। डा0 मिश्रा ने अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर कहा कि आवश्यक है कि महिलायें राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान दें। किसी पर आश्रित होकर निर्णय न लें। उन्होंने कहा कि जो नये मतदाता बने है वह राष्ट्र के लिए वोट डाले। साथ ही उन्होंने मतदाता जागरुकता की शपथ दिलायी। प्राचार्य डा0 मनोज गर्ग ने इग्नू अध्यारत्न केंद्र को सम्पादित करने के लिए हर प्रकार की सुविधा देने का आश्वासन दिया है। इस मौके पर इग्नू समन्वयक डा0 विनोद कुमार तिवारी, डा0 हरिशिव नाथ गुप्ता, डा0 प्रज्ञा त्रिपाठी, डा0 सतेन्द्र कुमार, डा0 अशोक शर्मा, डा0 मोहम्मद अमीन, पंचम कुमार, प्रियांशु सिन्हा, सरस पाठक, वीरभान सिंह, विनय बाथम, आशुतोष, रणवीर सिंह, दिनेश आदि लोग मौजूद रहे।
